Smriti Irani Missing पोस्टर ट्वीट कर कांग्रेस ने साधा निशाना, अमेठी की सांसद ने दिया मुंहतोड़ जवाब
उत्तर प्रदेश की अमेठी लोक सभा सीट से भाजपा सांसद स्मृति ईरानी को कांग्रेस ने गुमशुदा बताते हुए सोशल मीडिया पर पोस्टर ट्वीट किया। कांग्रेस के पोस्टर पर सांसद और केंद्रीय मंत्री ईरानी ने मुंहतोड़ जवाब दिया।

Smriti Irani Missing पोस्टर ट्वीट कर कांग्रेस ने अमेठी से भाजपा सांसद पर निशाना साधने का प्रयास किया। हालांकि, कांग्रेस के ट्वीट पर केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने मुंहतोड़ जवाब देते हुए राहुल के अमेरिका दौरे का जिक्र कर दिया।
दरअसल, पहलवानों के विरोध-प्रदर्शन के मुद्दे पर कांग्रेस पार्टी ने महिला एवं बाल विकास मंत्री के खिलाफ अपना हमला तेज करते हुए बुधवार को सोशल मीडिया पर स्मृति ईरानी को 'लापता' बताते हुए पोस्टर शेयर किया।
कांग्रेस के पोस्टर में कहा गया कि भाजपा नेता भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोपों पर चुप्पी साधे हुए हैं।
कांग्रेस पार्टी ने एक अन्य ट्वीट में आरोप लगाया कि मंत्री ने सोशल मीडिया पर पहलवानों के विरोध और दिल्ली पुलिस का महिला पहलवानों के साथ व्यवहार के बारे में पूछे गए सवालों के जवाब छिपाए।
कांग्रेस ने स्मृति ईरानी और केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी की एक तस्वीर पोस्ट की, जिसमें कहा गया था कि "एक ट्वीट छिपाते हैं" दूसरा महिला पहलवानों के सवालों से पीछा छुड़ाकर भाग जाते हैं।
गौरतलब है कि सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में देखा जा सकता है कि महिला पहलवानों को लेकर लेखी से सवाल पूछे जाने पर वह अपनी कार की ओर तेजी से आगे बढ़ जाती हैं, उन्होंने इस मुद्दे पर टिप्पणी नहीं की।
कांग्रेस के Smriti Irani Missing पोस्टर पर पलटवार करते हुए स्मृति ईरानी ने हिंदी में जवाब लिखा। उन्होंने राहुल का बिना नाम लिए जिक्र करते हुए तंज कसा और कहा, "अगर किसी पूर्व सांसद की तलाश है तो कृपया अमेरिका से संपर्क करें।"
लापता पोस्टर पर स्मृति ने कहा, "हे दैवीय राजनीतिक प्राणी, मैंने सिरसिरा गांव, विधानसभा सैलून, लोकसभा अमेठी को धुरंपुर की ओर छोड़ दिया है। बता दें कि 'मोदी सरनेम' मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद राहुल गांधी लोकसभा से अयोग्य करार दिए गए हैं।
कांग्रेस के पूर्व प्रमुख राहुल गांधी और स्मृति ईरानी की तकरार चिर प्रतिद्वंद्वी जैसी है। पहली बार स्मृति ईरानी ने ही 2019 में राहुल गांधी को कांग्रेस पार्टी का गढ़ कहे जाने वाले अमेठी लोक सभा सीट से हरा दिया था।
गौरतलब है कि पहलवानों ने 23 अप्रैल को जंतर-मंतर पर अपने महासंघ प्रमुख के खिलाफ आंदोलन शुरू किया था। 28 मई तक धरना देने के बाद दिल्ली पुलिस ने नए संसद भवन की ओर मार्च के दौरान पहलवानों को हिरासत में लिया।
जिस समय पहलवानों को हिरासत में लिया गया, उसी समय दिल्ली पुलिस की एक और टीम ने जंतर मंतर पर पहलवानों के धरने का सारा बंदोबस्त हटाते हुए उनका धरना समाप्त करा दिया।
विरोध कर रहे पहलवानों में ओलंपियन बजरंग पूनिया, साक्षी मलिक और हरियाणा से आने वाली फोगाट सिस्टर्स भी हैं। हालांकि, बबीता फोगाट धरने में नहीं हैं, जिनका जिक्र करते हुए स्मृति ईरानी ने पूछा था कि बबीता अपने ही परिवार के समर्थन में क्यों नहीं हैं?
विरोध कर रहे पहलवान बाहुबली भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। बृजभूषण पर जिन यौन शोषण का आरोप लगा है।उनके खिलाफ दो प्राथमिकी दर्ज की गईं हैं, जिनमें से एक POCSO अधिनियम के तहत है।
WFI प्रमुख ने सभी आरोपों से इनकार किया है और कहा है कि अगर एक भी आरोप साबित हो जाता है, तो वह "खुद को लटका लेंगे।" पहलवानों ने नार्को और पॉलिग्राफी टेस्ट की मांग भी की। जवाब में बृजभूषण ने पहलवानों को भी जांच की चुनौती दी।
Download











Click it and Unblock the Notifications