स्मृति ईरानी बोलीं- जिस हाथ ने सालों तक भारत की तिजोरी को साफ किया उसे हाथ को पास भी ना भटकने दें
नई दिल्ली: केंद्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी ने रविवार को उत्तर प्रदेश के कानपुर में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने अपनी रैली में कांग्रेस और सपा-बसपा के महागठबंधन को लेकर चुटकी ली। ईरानी ने कानपुर के शास्त्री नगर स्थित काली मठिया चौराहे पर भाजपा की पहली चुनावी जनसभा को संबोधित किया। गौरतलब है कि स्मृति ईरानी एक बार फिर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के खिलाफ अमेठी से ताल ठोक रहीं हैं।
राहुल और सपा-बसपा पर साधा निशाना
केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस हाथ ने सालों तक भारत की तिजोरी को साफ किया उस हाथ को भारच की तिजोरी के आस-पास भी ना भटकने दें। उन्होंने समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के यूपी में लोकसभा चुनाव के लिए बनाए गए गठबंधन पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा क जब हाथी साइकिल पर सवार होता है तो पंचर होना निश्चचित है।

'कांग्रेसी गद्दार हैं, कानपुर की धरती चखाएगी मजा'
स्मृति ईरानी ने कहा कि इस धरती ने अंग्रेजों से लोहा लिया। अमेठी के साथ अब यह धरती भी कह रही है कि भाग राहुल भाग। इसी वजह से वह भागे हैं। एयर स्ट्राइक पर उठाए गए सवालों को लेकर उन्होंने कहा कि जनता के मन में सवाल और आक्रोश है। कांग्रेसी गद्दार हैं, जिन्हें कानपुर की धरती सही मजा चखाएगी। गौरतलब है कि एयर स्ट्राइक के मुद्दे पर कांग्रेस नेताओं के बयान को लेकर बीजेपी नेता कांग्रेस पर करारा हमला कर रहे हैं।

स्मृति का हुआ विरोध
स्मृति की जनसभा से पहले उनका विरोध करना इंटक नेता और लाल इमली कर्मचारी यूनियन के नेता आशीष पांडेय को भारी पड़ गया। स्मृति ईरानी की जनसभा में मजदूर नेता किसी तरह का व्यवधान उत्पन न करे इसके लिए पुलिस ने आशीष पांडेय के परिवार को नजरबंद कर दिया। प्रदर्शन कर रहे लाल इमली मजदूर कर्मचारी संघ के नेता आशीष पांडेय का कहना है कि लाल इमली के कर्मचारियों का 20 महीने से वेतन नहीं मिला है, जिसके कारण 41 मजदूरों की मौतें हो चुकी हैं। कई मजदूरों ने तो आत्महत्या तक कर ली है। कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी से लाल इमली कर्मचारियों का दल मिलने भी गया था, लेकिन कुछ भी नहीं हुआ। मजदूर तंगहाली पर जीने को मजबूर है। अब चुनाव में वोटों की राजनीति के लिए वह मजदूरों के ही गढ़ शास्त्रीनगर में आ रही हैं, जिसका लाल इमली कर्मचारी जमकर विरोध करेगा।












Click it and Unblock the Notifications