असम: खाई में कार गिरने से 6 लोगों की मौत, 2 लोग घायल
आठ लोगों का ये समूह एक पिकनिक से वापस लौट रहा था, जब उनकी गाड़ी अरुणाचल प्रदेश की सीमा के पास स्थित भालुकपोंग में पुल के किनारे से टकरा गई।
सोनितपुर। असम के सोनितपुर जिले में एक हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई है। यह घटना रविवार की है, जिसमें एक कार पुल से गिर गई। इसमें 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

सोनितपुर जिले के पुलिस अधीक्षक पीपी सिंह ने बताया कि आठ लोगों का ये समूह एक पिकनिक से वापस लौट रहा था, जब उनकी गाड़ी अरुणाचल प्रदेश की सीमा के पास स्थित भालुकपोंग में पुल के किनारे से टकरा गई। पुल से टकराने के बाद उनकी गाड़ी नीचे जा गिरी।
उन्होंने बताया कि 6 लोगों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। जो दो लोग घायल हो गए हैं उनमें से एक गंभीर रूप से घायल शख्स को जिला मुख्यालय तेजपुर लाया गया और दूसरे को भालुकपोंग के सिविल अस्पताल में भर्ती करा दिया गया।
पीपी सिंह के अनुसार मरने वाले लोग तेजपुर के काटेकिबारी क्षेत्र के रहने वाले थे। हालांकि, उन्होंने कहा है कि मरने वालों की अभी तक पहचान नहीं की जा सकी है।
फिलहाल पुलिस इस मामले में पता करने की कोशिश कर रही है कि मरने वाले लोग कौन हैं। पहचान होते ही मृतकों के शव उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिए जाएंगे। घायलों का इलाज चल रहा है और आखिरी सूचना मिलने तक दोनों ही घायलों की हालत ठीक है।












Click it and Unblock the Notifications