सपना चौधरी का कांग्रेस में शामिल होने से इनकार, कहा- मीडिया में आई तस्वीरें बहुत पुरानी
नई दिल्ली। हरियाणा की मशहूर सिंगर और डांसर सपना चौधरी के कांग्रेस में शामिल होने की खबरों ने पिछले दिनों लोकसभा चुनावों की सियासी सरगर्मी और तेज कर दी थी। अब सपना ने इससे साफ इनकार कर दिया है। रविवार को एक प्रेस वार्ता में सपना ने दो टूक कहा कि ना तो वह अभी कांग्रेस में शामिल हुईं हैं और ना ही आगे अभी किसी पार्टी में शामिल होने की उनकी कोई योजना है।

सपना चौधरी ने यह भी साफ कर दिया कि ट्विटर पर भी उनका कोई अकाउंट नहीं है। उन्होंने मीडिया में आई तस्वीरों को पुराना बताया और कहा कि अभी उनका चुनाव लड़ने का इरादा नहीं है। सपना ने बताया, ''मैं किसी पार्टी में शामिल नहीं हुई हूं। प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ फोटो पुरानी है। मैं किसी राजनीतिक पार्टी के लिए प्रचार नहीं करूंगी।''
बता दें कि शनिवार को सपना चौधरी के कांग्रेस में शामिल होने की खबरें आईं थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सपना चौधरी लंबे समय से कांग्रेस के संपर्क में थी। हाल ही में उन्होंने सोनिया गांधी और राहुल गांधी से मुलाकात भी की थी। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा था कि वे लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के लिए प्रचार कर सकती हैं।












Click it and Unblock the Notifications