इस राज्य में NOTA को भी कांग्रेस से तीन गुना ज्यादा वोट मिले, BJP का क्या रहा हाल?
Sikkim Assembly Election Result: लोकसभा चुनावों के परिणामों से पहले पूर्वोत्तर के दो राज्यों के जो परिणाम आए हैं, वह कांग्रेस पार्टी के लिए निराशाजनक ही नहीं फजीहत कराने लायक रहे हैं। क्योंकि, सिक्किम में देश की सबसे पुरानी पार्टी जितने वोट मिले हैं, उससे तीन गुना से भी ज्यादा नोटा को मिले हैं।
इस बार मध्य प्रदेश की इंदौर लोकसभा सीट से कांग्रेस के आधिकारिक उम्मीदवार ने अंतिम समय में पलटी मारी तो पार्टी तो नोटा पर मतदान करने का एक तरह से अभियान चलाने की कोशिश की। इंदौर का परिणाम तो मंगलवार 4 जून को आएगा, लेकिन सिक्किम में कांग्रेस को नोटा ने भी चुनावी रेस से आउट कर दिया है।

सिक्किम में कांग्रेस का बहुत ही निराशाजनक प्रदर्शन
सिक्किम विधानसभा में कुल 32 सीटें हैं। यहां कांग्रेस को एक भी सीट मिलना तो दूर उसे सबसे कम वोट मिले हैं। अरुणाचल प्रदेश में भी 60 सीटों में से जहां भाजपा को 46 सीटें मिली हैं, कांग्रेस को सबसे कम 1 सीट पर संतोष करना पड़ा है। बीजेपी को अरुणाचल में जहां 54.57% वोट मिले हैं, वहीं कांग्रेस पार्टी 5.56% वोट जुटा सकी है।
सिक्किम में सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा जबर्दस्त बहुमत वाली सरकार
सिक्किम में दोबारा सरकार बनाने वाली सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा (SKM) को जहां इस बार 31 सीटें और 58.38% वोट मिले हैं, वहीं उसके अलावा अकेली सीट जीतने वाली सिक्किम डेमोक्रैटिक फ्रंट (SDF) को 27.37% मत मिले हैं।
सिक्किम में कांग्रेस से तीन गुना से भी ज्यादा वोट नोटा को मिले
सिक्किम में इस बार नोटा को 0.99% वोट पड़े हैं। जबकि, कांग्रेस पार्टी को महज 0.32% ही वोट आ पाए हैं। बीजेपी भी यहां खाता नहीं खोल पाई है, लेकिन उसको मिला वोट शेयर 5.18% है और अन्य को 7.77% वोट हासिल हुए हैं।
2019 में भी नोटा से पिछड़ गई थी कांग्रेस
2019 के सिक्किम विधानसभा चुनावों में कांग्रेस पार्टी 24 सीटों पर चुनाव लड़ी थी और सभी पर उसकी जमानतें जब्त हो गई थीं। तब भी उसे राज्य में 0.77% ही वोट मिले थे और नोटा के पक्ष में 0.86% वोट पड़े थे। भारतीय जनता पार्टी तब 12 सीटों पर लड़ी थी और उसकी भी जमानत नहीं बची थी। उसे पांच साल पहले 1.62% वोट आए थे। इस हिसाब से इस बार उसका मत प्रतिशत काफी बढ़ गया है।
सिक्किम विधानसभा का चुनाव जीतने वाली सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा मौजूदा मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग की पार्टी है। 2019 में वह राज्य के छठे सीएम चुने गए थे।












Click it and Unblock the Notifications