Sikkim Chunav Result 2024: लगातार 6ठी बार हारे पूर्व कप्तान बाइचुंग भूटिया, खत्म नहीं हो रहा हार का सिलसिला
Sikkim Assembly Election Result: सिक्किम विधानसभा चुनाव में इस बार सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा प्रचंड बहुमत से सरकार बनाने जा रहा है। पार्टी प्रदेश में एकतरफा जीत की ओर बढ़ रही है। इस बीच भारतीय फुटबॉल टीम के पूर्व कप्तान बाइचुंग भूटिया को फिर से चुनाव में निराशा हाथ लगी है।
बाइचुंग भूटिया एक बार फिर से चुनाव हार गए हैं। भूटिया को सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा के रिक्शल धोरजी ने 4346 वोटों से हरा दिया है। बता दें कि पिछले 10 वर्षों में बाइचुंग भूटिया की चुनावों में यह छठी हार है।

2018 में बनाई खुद की पार्टी
बता दें कि बाइचुंग भूटिया ने वर्ष 2018 में अपनी खुद की राजनीतिक पार्टी बनाई थी, जिसका नाम हमरो सिक्कम पार्टी है। पिछले वर्ष इस पार्टी का विलय पवन कुमार चामिंग की सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट में कर दिया गया था। बाइचुंग भूटिया इस वक्त सिक्किम की मुख्य विपक्षी पार्टी एसडीएफ के उपाध्यक्ष हैं।
टीएमसी से भी लड़ा चुनाव
बाइचुंग भूटिया ने 2014 के लोकसभा चुनाव में टीएमसी की ओर से चुनाव लड़ा था, लेकिन वह चुनाव हार गए थे। इसके बाद 2016 में उन्होंने फिर से टीएमसी की ओर से सिलीगुड़ी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा, लेकिन इस बार भी उन्हें निराशा हाथ लगी।
पश्चिम बंगाल में हार के बाद बाइचुंग भूटिया ने सिक्किम का रुख किया और खुद की पार्टी बनाई। 2019 लोकसभा चुनाव में उन्होंने गैंगटोक और तुमेन-लिंगी से चुनाव लड़ा। लेकिन एक बार फिर से उन्हें हार मिली। यही नहीं 2019 में गैंगटोक में हुए उपचुनाव में भी भूटिया को हार का मुंह देखना पड़ा।
सिक्किम में एसकेएम की सरकार
बता दें कि आज पूर्वोत्तर राज्य अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम में विधानसभा चुनाव के बाद मतों की गणना की जा रही है। शुरुआती रुझानों में सिक्किम में सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा क्लीन स्वीप करती नजर आ रही है। जबकि अरुणाचल प्रदेश में भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाती दिख रही है।
2019 के नतीजे
2019 के सिक्किम विधानसभा चुनाव की बात करें तो एसकेएम को 17 सीटों पर जीत मिली थी, जबकि एसडीएफ के खाते में 15 सीटें आई थीं। एग्जिट पोल में अनुमान लगाया गया है कि एसकेएम फिर से सत्ता में वापसी करने जा रही है। सिक्किम में विधानसभा की कुल 32 सीटें हैं, ऐसे में बहुमत के लिए 17 सीटों की जरूरत है।












Click it and Unblock the Notifications