Sikkim Tunnel Collapse: सिक्किम में भूस्खलन से टनल ध्वस्त, मीथेन गैस से तड़प-तड़पकर 8 की मौत, अभी 19 अंदर फंसे
Sikkim Tunnel Collapse Landslide: सिक्किम के नामची जिले में सोमवार (20 जुलाई) की रात एक निर्माणाधीन टनल में भयानक हादसा हुआ। भूस्खलन के कारण निर्माणाधीन टनल का एंट्री गेट मलबे से बंद हो गया। इसके बाद, चीख-पुकार ने पूरे राज्य को झकझोर दिया। बताया जा रहा है कि टनल के अंदर ही 27 मजदूर फंस गए। इसी बीच, मीथेन गैस रिसाव ने हालात को और भी बदतर बना दिया।
घटना में अब तक 8 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि करीब 19 मजदूर अभी भी मलबे में फंसे बताए जा रहे हैं। मीथेन गैस रिसाव ने रेस्क्यू ऑपरेशन को और चुनौतीपूर्ण बना दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग से फोन पर बात कर स्थिति का जायजा लिया और केंद्र की पूरी मदद का आश्वासन दिया। इस हादसे ने 1989 रानीगंज कोयला खदान हादसे की यादें ताजा कर दीं। आइए जानते हैं कि कैसे हो गया हादसा?

Sikkim Tunnel Collapse Landslide Reason: कैसे हुआ हादसा?
दरअसल, यह हादसा NHPC की तीस्ता स्टेज-VI जलविद्युत परियोजना के अंतर्गत समरडुंग (झोलुंगे) में बन रही एडीआईटी-3 टनल में हुआ। पटेल इंजीनियरिंग कंपनी इस टनल का निर्माण कर रही थी। यह परियोजना ऊर्जा उत्पादन के लिए महत्वपूर्ण है, लेकिन सिक्किम की भूगर्भीय संरचना (जिसमें प्राकृतिक गैस भंडार हो सकते हैं) ने जोखिम बढ़ा दिया।
मीडिया रिपोट्स के मुताबिक, सोमवार दोपहर करीब 3:40 बजे टनल के अंदर (लगभग 1.5 किमी अंदर) मीथेन गैस जमा होने की सूचना मिली। गैस निकालने की कोशिश के दौरान धमाका हुआ, जिससे भूस्खलन हो गया। टनल का मुंह मलबे से बंद हो गया। जिला कलेक्टर अनुपा तामलिंग ने बताया कि शुरू में 27 मजदूर अंदर फंसे होने का अनुमान था, जिसमें पटेल इंजीनियरिंग के 21 और NHPC के 6 कर्मी शामिल थे। हालांकि, सटीक संख्या की पुष्टि रेस्क्यू टीम के अंदर जाने के बाद ही हो पाएगी।
कुछ मजदूर खुद बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन कई अंदर फंस गए। गैस रिसाव के कारण ऑक्सीजन स्तर गिर गया, जिससे अंधेरा, संकरी जगह और अस्थिर मलबा बचाव को मुश्किल बना रहा। कई बचावकर्मी चक्कर आने और बेहोशी की शिकायत लेकर बाहर आए। गैस मास्क और विशेष उपकरणों के साथ NDRF, SDRF की टीमें काम कर रही हैं।
घंटों मौत का इंतजार करते रहे, तड़प-तड़पकर मौत!
मामले में मंगलवार (21 जुलाई) सुबह तक 8 शव बरामद हो चुके हैं, जिन्हें सिंगताम डिस्ट्रिक्ट अस्पताल, STNM अस्पताल गंगटोक और नामची अस्पताल भेजा गया। टनल में फंसे लोगों के लिए लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। वहीं, एक केरल के भूवैज्ञानिक अनीश मोहन लापता बताए जा रहे हैं।
Sikkim Tunnel Collapse Rescue Operation: रेस्कयू ऑपरेशन में जुटी टीमें, CM के सख्त निर्देश
वहीं, घटना की जानकारी के बाद NDRF, SDRF, सिक्किम स्टेट डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी (SSDMA), जिला प्रशासन, पुलिस, फायर सर्विस, स्वास्थ्य टीमें और स्थानीय स्वयंसेवक सभी रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटे हैं। मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने सभी विभागों को तेजी से काम करने के निर्देश दिए हैं। मृतकों और अंदर फंसे लोगों के परिवारों को सहायता-सुरक्षा दोनों पहुंचाने का आश्वासन दिया गया है।
Raniganj Coal Mine Accident: 1989 रानीगंज कोयला खदान हादसा, जब मौत के मुंह में फंसे थे 232 मजदूर
1989 में पश्चिम बंगाल के रानीगंज, जो बर्धमान के पास बसा है, स्थित महाबीर कोलियरी (Mahabir Colliery) में ऐसा ही हादसा हुआ था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, लगभग 231-232 मजदूर नाइट शिफ्ट में करीब 320-350 फीट गहराई पर कोयला निकाल रहे थे। तभी कोयला निकालने के लिए ब्लास्टिंग की गई। ब्लास्ट के बाद खदान का दरवाजा बंद हो गया। साथ ही ब्लास्ट से पुरानी दीवार में दरार पड़ गई। देखते ही देखते लाखों लीटर पानी तेजी से खदान में घुस गया। कुछ ही मिनटों में निचला हिस्सा पूरी तरह पानी से भर गया।
लगभग 161 मजदूर लिफ्ट (केज) के जरिए बाहर निकलने में सफल रहे। 71 मजदूर अंदर फंस गए थे। उस समय जसवंत सिंह गिल ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ECL) में अतिरिक्त मुख्य माइनिंग इंजीनियर थे। जसवंत सिंह गिल ने कडी मशक्कत के बाद, करीब 6 घंटे चले अंतिम रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद 65 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाला। आपको बता दें कि इसी घटना पर आधारित 2023 में रिलीज हुई एक्टर अक्षय कुमार की फिल्म 'मिशन रानीगंज' आई थी।
Teesta Stage-VI Project: क्या है तीस्ता स्टेज-VI परियोजना?
NHPC की यह परियोजना तीस्ता नदी पर आधारित है, जिसमें दो मुख्य टनलें (13.8 किमी और 13.7 किमी) शामिल हैं। यह क्षेत्र भूकंप जोन और भूस्खलन प्रवण है। सिक्किम में जलविद्युत परियोजनाएं ऊर्जा सुरक्षा के लिए जरूरी हैं, लेकिन पर्यावरणीय और भूगर्भीय जोखिमों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। मीथेन जैसी गैसें प्राकृतिक रूप से चट्टानों से निकल सकती हैं, खासकर खुदाई के दौरान। ऐसी परियोजनाओं में बेहतर गैस डिटेक्शन, वेंटिलेशन सिस्टम और रियल-टाइम मॉनिटरिंग जरूरी है।


Click it and Unblock the Notifications
