Sikkim Landslide: सिक्किम में भूस्खलन से हाहाकार! लाचेन में 1600 टूरिस्ट फंसे, सेना का रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू
Sikkim Landslide Lachen: उत्तरी सिक्किम के लाचेन में भूस्खलन और बर्फबारी के कारण 1600 पर्यटक फंस गए हैं। भारतीय सेना ने 'ऑपरेशन हिमसेतु' के तहत रेस्क्यू शुरू किया है। खराब मौसम के कारण बचाव कार्य में देरी हो रही है।
Sikkim Landslide Lachen: सिक्किम के ऊंचे पहाड़ी इलाकों में घूमने गए पर्यटकों के लिए छुट्टियां किसी दुःस्वप्न में बदल गई हैं। उत्तरी सिक्किम के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल लाचेन में भारी भूस्खलन और लगातार हो रही बर्फबारी के कारण लगभग 1,600 पर्यटक फंस गए हैं। भारतीय सेना ने इन फंसे हुए लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए 'ऑपरेशन हिमसेतु' (Operation Himsetu) शुरू किया है, लेकिन खराब मौसम बचाव कार्य में बड़ी बाधा बना हुआ है।

भरी बारिश से संपर्क मार्ग टूटा, कैसे बिगड़े हालात?
मुसीबत की शुरुआत 5 अप्रैल को हुई, जब लाचेन को जिला मुख्यालय मंगन से जोड़ने वाली मुख्य सड़क पर भारी भूस्खलन (Landslide) हुआ। अभी सड़क साफ करने का काम चल ही रहा था कि 7 और 8 अप्रैल को इलाके में भारी बर्फबारी शुरू हो गई। बर्फ की मोटी चादर ने न केवल सड़क के रास्तों को और खराब कर दिया, बल्कि तापमान गिरने से पर्यटकों की मुश्किलें भी बढ़ा दीं।
सेना का रेस्क्यू मिशन ऑपरेशन हिमसेतु शुरु
पर्यटकों की सुरक्षा को देखते हुए भारतीय सेना की त्रिशक्ति कोर (Trishakti Corps) ने बुधवार को बचाव अभियान की कमान संभाली। सेना के बयान के अनुसार भीषण ठंड और भारी बर्फबारी के बावजूद जवानों ने महत्वपूर्ण दर्रों को खोल दिया है। फंसे हुए पर्यटकों को निकालने के लिए वैकल्पिक रास्तों (Alternate Routes) को सक्रिय किया गया है। 9 अप्रैल की सुबह 11 बजे तक लगभग 150 पर्यटकों को सुरक्षित निकाला जा चुका था। भारतीय सेना ने ANI से बातचीत में बताया कि खराब मौसम और बर्फबारी के कारण रेस्क्यू की गति धीमी हुई है, लेकिन हमारे जवान लगातार रास्तों को साफ करने और पर्यटकों को चिकित्सा सहायता व रसद पहुंचाने में जुटे हैं।
लाचेन में फिर संकट, बाहर निकलने के लिए क्या है विकल्प
लाचेन सिक्किम के सबसे खूबसूरत और लोकप्रिय स्थलों में से एक है। गौरतलब है कि अक्टूबर 2023 में आई विनाशकारी बाढ़ (ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट) के बाद यह इलाका दो साल से अधिक समय तक कटा रहा था। लंबी मरम्मत के बाद इसी साल 1 मार्च को इसे पर्यटकों के लिए दोबारा खोला गया था। रास्ते खुलते ही यहां पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ने लगी थी, लेकिन इस ताज़ा भूस्खलन ने एक बार फिर कनेक्टिविटी को ठप कर दिया है।
स्थानीय निवासी रिनम लाचेनपा मीडिया से बात करते हुए बताया कि, एक वैकल्पिक मार्ग डोंगखा ला पास (17,998 फीट की ऊंचाई) से होकर गुजरता है। हालांकि, यह रास्ता इतना ऊंचा और दुर्गम है कि इसमें बहुत अधिक समय लगता है। रिनम का कहना है, "यह रास्ता बेहद कठिन है और इसे केवल अंतिम विकल्प के रूप में ही इस्तेमाल किया जा सकता है।"
पर्यटकों के लिए प्रशासन की एडवाइजरी
सिक्किम प्रशासन ने पर्यटकों से अपील की है कि वे अभी उत्तरी सिक्किम की ओर यात्रा करने से बचें। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में और अधिक बर्फबारी की आशंका जताई है। प्रशासन का कहना है कि फंसे हुए सभी पर्यटकों को सुरक्षित निकालना उनकी प्राथमिकता है और सेना के साथ मिलकर स्थानीय अधिकारी काम कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications