सिक्किम: बाढ़ में फंसे 2 हजार पर्यटक, बारिश के बीच रात भर में अस्थायी पुल बनाकर लोगों को निकाला जा रहा, VIDEO
Sikkim Flood: सिक्किम में एक बार फिर कुदरत का कहर सामने आया है। इसमें कई पर्यटक फंस गए। पर्यटकों को निकालने का काम जारी है। उत्तरी सिक्किम में 2 हजार से अधिक पर्यटक फंस गए।
16 जून को आई बाढ़ के चलते चुंगथांग के पास बाढ़ के तेज बहाव में सड़क बह गई। जिसके चलते सैकड़ों पर्यटक फंस गए। पर्यटकों को बचाने के लिए बचाव अभियान चलाया गया।

भारी बारिश और खराब मौसम में बीआरओ प्रोजेक्ट स्वास्तिक ने पर्यटकों को बचाने के लिए प्रभावित क्षेत्र पर एक अस्थायी क्रॉसिंग बनाने के लिए रात भर काम किया। सेना के पीआरओ महेंद्र रावत ने कहा कि आज यानी शनिवार दोपहर 12 बजे तक 300 से अधिक पर्यटकों को बचाया गया है।
उन्होंने कहा कि सड़क संपर्क बहाल करने के प्रयास जारी हैं। साथ ही पर्यटकों की निकासी जारी है। वहीं, सिक्किम पुलिस ने बताया कि 19 पुरुषों, 15 महिलाओं और 4 बच्चों के साथ राजधानी गंगटोक जाने वाली पहली बस मंगन जिले के पेगोंग में भूस्खलन से प्रभावित हुई। दो बसों में अब तक कुल 72 पर्यटकों को निकाला गया है।
एनएच-10 पूरी तरह से डूब गया
बता दें कि उत्तरी सिक्किम में भारी बारिश के चलते अचानक बाढ़ आ गई। पेगोंग में एनएच-10 पूरी तरह से डूब गया। जिससे हाईवे पर आवाजाही बंद हो गई। भीषण बाढ़ के चलते 2 हजार पर्यटक फंस गए। बड़ी संख्या में लोग नेशनल हाइवे के दोनों किनारों पर फंसे हुए हैं।
भूस्खलन से स्थिति और भी खराब
मूसलाधार बारिश से राज्य के कुछ हिस्सों में भूस्खलन भी हुआ है, जिससे स्थिति और भी खराब हो गई है। सिक्किम प्रशासन फंसे हुए लोगों को सुरक्षित निकालने के प्रयास कर रहा है। अस्थायी क्रॉसिंग बनाकर लोगों को बचाया जा रहा है। पर्यटकों की निकासी शुरू हो गई है। धीरे-धीरे सभी पर्यटकों को बाहर निकाला जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications