Siddaramaiah Oath Ceremony: नीतीश से शरद पवार तक, कर्नाटक शपथ ग्रहण में विपक्षी एकता का होगा शो
Karnataka swearing-in: कर्नाटक शपथ ग्रहण समारोह 20 मई को दोपहर 12.30 बजे बेंगलुरु के कांटेरावा स्टेडियम में होगा। जहां सिद्धारमैया सीएम पद की और डीके शिवकुमार डिप्टी सीएम पद की शपथ लेंगे।

Karnataka swearing-in Siddaramaiah Oath Ceremony: कर्नाटक में आज चुनी हुई सरकार शपथ लेने जा रही है। कांग्रेस नेता सिद्धारमैया मुख्यमंत्री और डीके शिवकुमार डिप्टी सीएम पद की शपथ लेंगे। कर्नाटक सीएम के रूप में कांग्रेस नेता सिद्धारमैया के शपथ ग्रहण समारोह के लिए कई विपक्षी नेता आज कर्नाटक पहुंचेंगे।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, तमिलनाडु के सीएम एमके स्टालिन से लेकर एनसीपी प्रमुख शरद पवार तक कर्नाटक शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले आप इसे विपक्षी एकता का एक 'शो' कह सकते हैं।
कर्नाटक शपथ ग्रहण समारोह के जरिए देशभर के गैर-बीजेपी नेता एक साथ एक मंच पर एकजुट होकर भाजपा को लोकसभा चुनावों में कड़ी टक्कर देने की चुनौती देंगे।
पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल नहीं होंगी, उन्होंने कार्यक्रम के लिए पार्टी नेता काकोली घोष दस्तीदार आएंगी। तृणमूल कांग्रेस के सांसद डेरेक ओ ब्रायन ने ये जानकारी दी है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बिहार के सीएम नीतीश कुमार के अलावा, जिन्होंने अपनी उपस्थिति की पुष्टि की है, उनमें स्टालिन, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के सुप्रीमो शरद पवार और नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला शामिल हैं।
Recommended Video

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने झारखंड मुक्ति मोर्चा, राष्ट्रीय जनता दल, शिवसेना (यूबीटी), समाजवादी पार्टी, पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी), मरुमलार्ची द्रविड़ मुनेत्र कड़गम, रिवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी, कम्युनिस्ट पार्टी के नेताओं को भी आमंत्रित किया है।
समारोह के लिए भारत (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन, विदुथलाई चिरुथिगाल काची, राष्ट्रीय लोकदल, केरल कांग्रेस और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग को भी बुलाया गया है।
अगले साल लोकसभा चुनाव में भाजपा का मुकाबला करने के लिए विपक्षी एकता पर जोर दे रहे नीतीश कुमार ने कहा कि उन्हें शपथ ग्रहण समारोह के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने आमंत्रित किया है।
नीतीश कुमार ने कहा, ''यह (कर्नाटक विधानसभा चुनाव) एक महत्वपूर्ण चुनाव था। साथ ही मेरी उनसे (सिद्धारमैया) पुरानी दोस्ती है। मैं कल जाऊंगा।''
हालांकि, केरल में सत्तारूढ़ वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) ने राज्य के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन को शपथ ग्रहण समारोह में आमंत्रित नहीं करने के लिए कांग्रेस की आलोचना की है।
एलडीएफ के संयोजक ईपी जयराजन ने केरल के कन्नूर में कहा, "कांग्रेस के कदम ने साबित कर दिया है कि वह भाजपा की 'फांसीवादी' राजनीति के खिलाफ देश की धर्मनिरपेक्ष लोकतांत्रिक ताकतों को एक साथ लाने के मिशन को पूरा नहीं कर सकती है।" कांग्रेस केरल में विपक्षी यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) का नेतृत्व करती है।












Click it and Unblock the Notifications