शिवाजी मूर्ति कॉमेडी मामला: कॉमेडियन अग्रिमा जोशुआ को धमकी देने वाला लड़का गुजरात से गिरफ्तार
नई दिल्ली। स्टैंडअप कॉमेडियन अग्रिमा जोशुआ को धमकी देने वाले 26 साल से लड़के को रविवार की रात गुजरात के वडोदरा से गिरफ्तार किया गया है। इस लड़के ने सोशल मीडिया पर गालियों से भरा एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें इसने अग्रिमा को रेप की धमकी दी थी। इस लड़के का नाम शुभम मिश्रा बताया जा रहा है, जिसके खिलाफ पुलिस ने शिकायत भी दर्ज कर ली है।

आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट किया था
पुलिस ने ट्विटर पर जानकारी दी है कि शुभम को गिरफ्तार कर लिया गया है और आईटी एवं आईपीसी की धाराओं के तहत उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। शुभम के वीडियो पोस्ट किए जाने के बाद राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्लू) ने उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने इस मामले में गुजरात के डीजीपी शिवानंद झा को पत्र लिखा था।

शुभम मिश्रा ने वीडियो हटाया
अपने पत्र में उन्होंने लिखा कि एनसीडब्लू महिलाओं के लिए सुरक्षित ऑनलाइन स्थान बनाने और महिलाओं की साइबर सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है और महिलाओं के खिलाफ अपराध को बढ़ावा देने वाले साइबरस्पेस के उपयोग में वृद्धि से हैरान है। इसके बाद एनसीडब्लू की ओर से ट्विटर पर शुभम के गिरफ्तार होने की जानकारी दी गई, साथ ही कहा गया कि आयोग महिलाओं की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। बताया जा रहा है कि शुभम मिश्रा ने गालियों से भरा अपना आपत्तिजनक वीडियो हटा लिया है और इसके लिए माफी भी मांगी है।

अग्रिमा जोशुआ के खिलाफ भी कार्रवाई के आदेश
महाराष्ट्र के गृहमंत्री अनिल देशमुख ने इससे पहले स्टैंडअप कॉमेडियन अग्रिमा जोशुआ के खिलाफ भी कार्रवाई के आदेश दिए थे। उन्होंने ट्वीट कर कहा था, 'मैंने मुंबई सीपी और आईजी साइबर को जोशुआ के खिलाफ कार्रवाई करने का आदेश दिया है। मैं सबसे शांति बनाए रखने के लिए कहता हूं और कानून अपना काम करेगा।' शुभम मिश्रा के वीडियो को लेकर बहुत से बॉलीवुड सेलिब्रिटी ने भी आपत्ति जताई थी। इनमें स्वरा भास्कर का नाम भी शामिल है।

गृहमंत्री ने क्या कहा?
गृहमंत्री अनिल देशमुख ने स्वरा भास्कर के ट्वीट का जवाब देते हुए कहा, 'छत्रपति शिवाजी महाराज ने हमें सिखाया है कि महिलाओं का सम्मान करो। लेकिन अगर कोई महिलाओं के खिलाफ गलत भाषा का इस्तेमाल करेगा या धमकी देगा तो उनके लिए कानून है। कानून के मुताबिक वीडियो वाले इस शख्स के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।' स्वरा भास्कर ने अपने ट्वीट में कहा था, 'माननीय अनिल देशमुख सर, एक मजाक एक महिला के लिए इस तरह के सार्वजनिक खतरे को सही ठहराता है? यह शुभम मिश्रा है, जिसने रेप करने की धमकी दी है और दूसरों को उकसा भी रहा है। ये आईपीसी की धारा 503 के तहत अपराध है। क्या आप मुंबई पुलिस को कार्रवाई करने का आदेश देंगे।'

क्या है पूरा मामला?
दरअसल अग्रिमा जोशुआ का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। ये वीडियो बीते साल यानी अप्रैल 2019 का है। वीडियो खार स्थित एक म्यूजिक कैफे का है, जिसे अब हटा लिया गया है। लेकिन फिर भी ये विभिन्न सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में अग्रिमा अरब सागर में छत्रपति शिवाजी महाराज की बनने वाली मूर्ति को लेकर मजाक उड़ाती दिख रही हैं। बता दें महाराष्ट्र सरकार ने अरब सागर में छत्रपति शिवाजी महाराज की एक प्रतिमा बनाने की योजना बनाई है। इस वीडियो के सामने आने के बाद शिवसेना विधायक प्रताप सारणिक ने अग्रिमा के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की थी। उन्होंने कहा था कि अग्रिमा जोशुआ ने महान योद्धा का अपमान किया है।












Click it and Unblock the Notifications