'मेरी बेटी की बेरहमी से हत्या हुई, वसई पुलिस की वजह से मुझे....' श्रद्धा के पिता विकास के गंभीर आरोप
मुंबई में मीडिया से बात करते हुए श्रद्धा वॉकर के पिता विकास वॉकर ने पुलिस पर कई आरोप लगाए हैं। इसी के साथ उन्होंने कहा कि मेरी बेटी का बेरहमी से कत्ल किया गया, आफताब को कड़ी सजा मिलनी चाहिए।

Shraddha Murder Case: दिल्ली में इसी साल मई में अपनी लिव इन पार्टनर श्रद्धा वॉ़कर की गला घोंटकर हत्या करने के बाद उसकी लाश के 35 टुकड़े करने वाला आफताब पूनावाला (Aaftab Poonwala) जेल के अंदर है। अक्टूबर में इस निर्मम हत्याकांड का खुलासा हुआ था। पुलिस पूछताछ में आरोपी आफताब ने कई सनसनीखेज खुलासे किए थे। शुक्रवार को श्रद्धा हत्याकांड के आरोपी आफताब पूनावाला को दिल्ली के साकेत कोर्ट में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेश किया गया, जहां उसकी कस्टडी 14 दिन और बढ़ा दी है। वहीं दूसरी तरफ श्रद्धा के पिता विकास वॉकर (Shraddha father Vikas Walker) ने महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Maharashtra Deputy CM Devendra Fadnavis) से मुलाकात कर न्याय की मांग की है। इसी के साथ उन्होंने पुलिस पर गंभीर आरोप भी लगाए।
पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
मुंबई में उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात के बाद मीडिया से बात करते हुए श्रद्धा वॉकर के पिता विकास वॉकर ने कहा कि मेरी बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी गई। वसई पुलिस की वजह से मुझे कई दिक्कतों का सामना करना पड़ा, अगर उन्होंने मेरी मदद की होती, तो मेरी बेटी जिंदा होती।
कड़ी सजा की मांग की
इसी के साथ उन्होंने आगे कहा कि दिल्ली पुलिस ने हमें भरोसा दिलाया है कि हमें न्याय मिलेगा। महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने भी हमें इसका आश्वासन दिया है। वहीं विकास वॉकर ने कहा कि जिस बेरहमी से आफताब पूनावाला ने मेरी बेटी की हत्या की, उसको कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
उन्होंने मांग करते हुए कहा कि आफताब के परिजनों, रिश्तेदारों व घटना में शामिल अन्य सभी के खिलाफ जांच होनी चाहिए। पिता विकास वॉकर ने कहा कि श्रद्धा की मौत से हमारा पूरा परिवार टूट चुका है। बेटी की हत्या की वजह से मेरी मनोस्थिति भी काफी खराब हुई है। गौरतलब है कि 28 साल के आफताब ने मई में दिल्ली के महरौली में एक अपार्टमेंट में अपनी प्रेमिका श्रद्धा वॉकर की क्रूरता से हत्या की थी। उसने श्रद्धा के 35 टुकड़े किए और दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में 18 दिनों तक फेंकता रहा।












Click it and Unblock the Notifications