नीति आयोग के कार्यक्रम से गायब थे 37 IAS अधिकारी, केंद्र सरकार ने जारी किया नोटिस
नई दिल्ली। केंद्र सरकार के महत्वाकांक्षी कदम नीति (NITI) आयोग के एक कार्यक्रम में गैरहाजिर रहने वाले 37 नए आईएएस अधिकारियों की नौकरी पर तलवार लटक रही है। केंद्र ने सभी अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

दरअसल, नीति आयोग के सदस्य बिबेक देबरॉय के एक इंटरैक्टिव सेशन में 2014 बैच के 172 आईएएस अधिकारियों में से 37 अधिकारी गायब थे। ये सभी अधिकारी अपने काडर में पोस्टिंग से पहले केंद्र सरकार की स्कीम के तहत अलग-अलग मंत्रालयों में असिस्टेंट सेक्रेटरी स्तर का कार्यभार देख रहे हैं।
...तो इसलिए सरकार चला रही है स्कीम
केंद्र सरकार इन अधिकारियों के लिए अलग-अलग प्रोग्राम आयोजित करा रही है, ताकि आगे चलकर उन्हें बेहतर प्रशासन में मदद मिल सके। इसी के तहत सरकार डायरेक्ट बेनेफिट ट्रांसफर (DBT) स्कीम भी चला रही है। बीते शुक्रवार को देबरॉय का लेक्चर था, जिसमें ये 37 अधिकारी गैरहाजिर थे। इस पर उनसे जवाब तलब किया गया है।
केंद्र ने पूछा ये सवाल
सरकार की ओर से जारी किए गए नोटिस में पूछा गया है, '9 सितंबर को आयोजित इंटरैक्टिव सेशन में आप मौजूद नहीं थे, इस संबंध में तीन दिन (15 सितंबर तक) के अंदर कारण बताइए कि क्यों न आपके खिलाफ कार्रवाई की जाए?'
तीन महीने की है ट्रेनिंग
बता दें के 2014 बैच के 172 आईएएस अधिकारी तीन महीने की ट्रेनिंग के लिए केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों में नियुक्त किए गए हैं। इनकी ट्रेनिंग 1 अगस्त 2016 से शुरू हुई है।












Click it and Unblock the Notifications