फुटबॉल खेल रहे बच्चे के ऊपर से गुजर गई कार, फिर क्या हुआ देखिए Shocking Video
मुंबई। 'जाको राखे साइयां मार सके ना कोय' ये कहावत तो आपने कई बार सुनीं होंगी, लेकिन मुंबई में ये कहावत सच साबित हुई है। हुआ यूं कि एक बच्चा अपने दोस्तों के साथ फुटबॉल खेल रहा था। इसी दौरान वो किसी वजह से नीचे झुका था, ठीक उसी समय एक कार उसके ऊपर से गुजर गई। पूरे मामले में चौंकाने वाली बात ये रही कि जैसे ही कार बच्चे के ऊपर से निकल गई, तुरंत ही वो बच्चा फिर से खड़ा हो गया और दोस्तों के साथ खेलने लगा।

चमत्कारिक तरीके से बच गया बच्चा
कार गुजरने के बावजूद चमत्कारिक तरीके से बच्चे के बच निकलने का पूरा मामला मुंबई के घाटकोपर इलाके का है। घटना 24 सितंबर की बताई जा रही है। हालांकि घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आते ही ये सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। जिसने भी इस वीडियो को देखा वो सन्न रह गया।

मुंबई के घाटकोपर की घटना
घटना घाटकोपर के कामराज नगर स्थित एक सोसाइटी की बताई जा रही है। घटना के सीसीटीवी फुटेज में साफ नजर आ रहा है कि कुछ बच्चे सोसाइटी में फुटबॉल खेल रहे हैं। इसी दौरान दो बच्चे फुटबॉल खेलते हुए एक कार के बगल से गुजरे। उस समय ये कार खड़ी थी, ठीक उसी समय एक बच्चा अपने जूते को ठीक करने के लिए झुक गया। जिस समय ये बच्चा अपने जूते ठीक कर रहा था ठीक उसी समय बच्चे के पीछे खड़ी वैगन आर कार अचानक ही चल पड़ी।

बच्चे के ऊपर से गुजर गई वैगन-आर कार
सीसीटीवी फुटेज में नजर आता है कि कार बैठे हुए बच्चे को पहले धक्का मारती है, फिर उसके ऊपर से निकल जाती है। जैसे ही कार गुजरती है बच्चा फिर से खड़ा हो जाता है और दौड़कर दोस्तों के पास पहुंच जाता है। ये पूरा घटनाक्रम जितनी जल्दबाजी में हुआ कि हर कोई सन्न रह गया। सीसीटीवी फुटेज देखने से लग रहा है कि कार एक महिला ड्राइवर चला रही थी।

गनीमत रही कि बच गया मासूम
फिलहाल अच्छी बात यही रही कि इतनी बड़ी घटना के बाद भी बच्चा पूरी तरह सुरक्षित बच गया। हालांकि पूरे मामले में कार चला रही महिला की लापरवाही साफतौर से देखने को मिली है। इस सबके बीच खबर के मुताबिक इस मामले में किसी के खिलाफ अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। हालांकि सीसीटीवी फुटेज वायरल होने के बाद यूजर्स ने महिला ड्राइवर पर निशाना साधा है।












Click it and Unblock the Notifications