बीफ पर बने राष्ट्रीय नीति, गोरक्षा के नाम पर हत्या मंजूर नहीं- शिवसेना
शिवसेना की पीएम मोदी से मांग, बीफ के लिए बने राष्ट्रीय बीफ नीति, गो रक्षा के नाम पर नहीं हो सकता है लोगों पर हमला
मुंबई। गोरक्षा के नाम पर भीड़ पर हो रहे हमले पर शिवसेना ने बड़ा बयान दिया है। शिवसेना ने अपने बयान में कहा है कि गाय के नाम पर लोगों की हत्या हिंदुत्व के खिलाफ है। शिवसेना ने पीएम मोदी से अपील की है कि वह इस मामले में आगे आए और राष्ट्रीय बीफ नीति बनाएं। गोरक्षा के नाम पर हो रही हत्या के खिलाफ देशभर के कई राज्यों में लोग प्रदर्शन कर रहे हैं, जिसमें भाजपा शासित राज्य झारखंड, यूपी, हरियाणा भी शामिल है।

शिवसेना ने अपने मुखपत्र सामना ने लिखा है कि बीफ का मुद्दा लोगों की खाने की पसंद, व्यापार और रोजगार से संबंधित है, लिहाजा इसपर राष्ट्रीय नीति होनी चाहिए। जो लोग गो रक्षा कर रहे हैं वह कल तक हिंदू थे, लेकिन वह आज हत्यारे बन गए हैं। अपने कड़े संदेश में फर्जी गो रक्षकों पर हमला बोलते हुए शिवसेना ने लिखा है कि कोई भी गो रक्षा के नाम पर कानून को अपने हाथ में नहीं ले सकता है।
हाल ही में गोरक्षा के नाम पर हो रही हत्या पर पीएम मोदी के बयान का समर्थन करते हुए शिवसेना ने कहा है कि हम पीएम के बयान का स्वागत करते हैं, किसी के पास कानून को हाथ में लेने का अधिकार नहीं है, लोगों को भीड़ में मार देना हिंदुत्व की विचारधारा के खिलाफ है। हम चाहते हैं कि पीएम हिंदुत्व की परिभाषा को साफ करें और बीफ के मामले में राष्ट्रीय नीति का निर्धारण करें। बीफ मुद्दे पर अमित शाह ने भी अपने बयान में कहा था कि गो रक्षा के नाम पर लोगों की हत्या गंभीर मामला है, लेकिन उन्होंने कहा कि यह मामले हमारी तीन साल की सरकार की तुलना में पिछली सरकार में कहीं अधिक हुए थे।
इसे भी पढ़ें- आखिर क्यों गए हैं पीएम मोदी इजराइल की यात्रा पर?
हाल ही में 15 साल के जुनैद की ट्रेन में कुछ लोगों ने चाकू मारकर हत्या कर दी थी। ईद के मौके पर खरीददारी करके लौट रहे जुनैद के खिलाफ कुछ लोगों ने बीफ खाने का आरोप लगाया और कहासुनी के बाद इसे इन लोगों ने चाकू मार दिया, जिसके बाद जुनैद की हत्या हो गई। वहीं झारखंड में भी मुस्लिम व्यापारी को पिछले हफ्ते गो रक्षकों ने मौत के घाट उतार दिया था, इस मामले में स्थानीय भाजपा नेता नित्यानंद महतो को गिरफ्तार किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications