शिवपाल यादव की प्रगतिशील समाजवादी पार्टी को मिला चुनाव चिन्ह 'चाबी'
नई दिल्ली। शिवपाल यादव की प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) को चुनाव चिन्ह 'चाभी' दिया गया है। भारतीय चुनाव आयोग ने शिवपाल यादव की पार्टी को चुनाव चिन्ह का आवंटन कर दिया है। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने इस पर भारतीय चुनाव आयोग का आभार जताया है। इसी के साथ उन्होंने चुनाव चिन्ह 'चाभी' को जनआकांक्षा की उम्मीद और विकास की कुंजी बताया है।

शिवपाल यादव लोकसभा चुनाव की तैयारियों में पूरी तरह से जुटे हैं। उनका दावा है कि उनकी पार्टी 2019 के लोकसभा चुनाव में यूपी की सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि बीजेपी को हटाने के लिए सभी सेक्युलर लोगों को एकजुट होना पड़ेगा, 45 पार्टियां हमारे साथ हैं। पीएसपी,बहुजन मुक्ति पार्टी और 45 सेक्युलर दल पार्टियां मिलकर लोकसभा में भाजपा को टक्कर देंगे। सपा और बसपा बीजेपी का मुकाबला नहीं कर पाएंगे।
उन्होंने आगे अखिलेश यादव और मायावती के महागठबंधन पर भी सवाल उठाए थे। मायावती पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि हमारे बढ़ते जनाधार को देखते हुए हमारी बड़ी-बड़ी रैलियों को देखकर उसकी वजह से घबराई हुई हैं। कांग्रेस से हमारी बातचीत और फैसला होने के बाद आप सबको पता चल जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications