उद्धव की ताजपोशी की तैयारियों के बीच शिवसेना का भाजपा पर 'अघोरी' हमला
नई दिल्ली- शिवसेना सुप्रीमो उद्धव ठाकरे की ताजपोशी की तैयारियां युद्ध स्तर पर चल रही हैं, लेकिन भाजपा के खिलाफ शिवसेना नेताओं की भड़ास अभी तक पूरी तरह नहीं हुई है। अब पार्टी प्रवक्ता संजय राउत ने बीजेपी पर 'अघोरी' प्रयासों का ताना मारकर बड़ा अटैक किया है। उन्होंने कहा है कि बीजेपी ने महाराष्ट्र में सत्ता पर कब्जा करने के लिए अघोरियों वाली कोशिशें भी कीं, लेकिन सफल नहीं हो पाई। उनके मुताबिक यह राष्ट्रीय राजनीति में बदलाव की शुरुआत है। बता दें कि 'अघोरियों' का नाम राउत ने इसलिए लिया है, क्योंकि तांत्रिक कार्यों में जुटे लोग देर रात के समय ही अक्सर तंत्र साधना करते हैं और ऐसे तांत्रिकों को 'अघोरी' कहा जाता है।

भाजपा पर शिवसेना का 'अघोरी' अटैक
बीजेपी के खिलाफ एक और मोर्चा खोलते हुए शिवसेना के प्रवक्ता संजय राउत ने बिना किसी का नाम लिए भाजपा नेताओं की तुलना 'अघोरियों' से कर दी है। उन्होंने कहा है, "अघोरी प्रयासों के बावजूद बीजेपी महाराष्ट्र में अपना सीएम नहीं बना पाई। ऐसा इसलिए कि महाराष्ट्र की जनता में एक असंतोष है।.........महाराष्ट्र में बदलाव की शुरुआत हो रही है.....महाराष्ट्र से देश को एक नया सवेरा दिखेगा....." उन्होंने कहा है कि लोग पहले उनपर भरोसा नहीं करते थे, जब वो कह रहे थे कि शिवसेना का सूर्ययान मंत्रालय की छठी मंजिल (सीएम दफ्तर) पर सुरक्षित लैंड करेगा। यानि, महाराष्ट्र में शिवसेना का ही मुख्यमंत्री बनेगा।

अब केंद्र में सरकार बनाने का सपना
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठने की रेस में बीजेपी को पछाड़ने के बाद शिवसेना नेताओं खासकर संजय राउत का मनोबल सातवें आसमान पर नजर आ रहा है। उन्होंने मुंबई में संवाददताओं के सामने हुंकार भरी है कि अगर शिवसेना केंद्र में भी सरकार बना ले तो इसमें किसी को हैरानी नहीं होनी चाहिए। उनके मुताबिक- "....लेकिन, हमारा सूर्ययान सुरक्षित लैंड कर गया है और आपको हैरानी नहीं होना चाहिए, जब इसका सूर्ययान दिल्ली में भी लैंड करेगा।" दरअसल, जब से विधानसभा चुनावों के बाद शिवसेना ने सीएम पद के लिए बीजेपी से सौदेबाजी शुरू की थी, तब से राउत ने इलेक्ट्रोनिक मीडिया से लेकर पार्टी के मुखपत्र 'सामना'के जरिए पूर्व सहयोगी के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। पिछले महीने भर से वही शिवसेना की ओर से रोजाना प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे हैं और बीजेपी के प्रदेश नेतृत्व से लेकर केंद्रीय नेतृत्व तक को निशाने पर ले रहे हैं।

कल के बाद मीडिया से बात नहीं करूंगा- राउत
माना जा रहा है कि महाराष्ट्र में शिवसेना को कांग्रेस और एनसीपी के साथ जोड़ने में राउत ने ही सबसे बड़ी भूमिका निभाई है। हालांकि, अब वे कह रहे हैं कि उन्होंने उद्धव ठाकरे से कह दिया है कि उनकी जिम्मेदारी पूरी हो चुकी है और अब वे पार्टी और सामना पर ही ज्यादा ध्यान देंगे। जब उनसे पूछा गया कि गुरुवार के शपथग्रहण समारोह के लिए किन-किन को बुलाया जाएगा तब उन्होंने कहा कि, "अब मेरी जिम्मेदारी कम रहेगी। कल के बाद से मैं आपसे (मीडिया) बात नहीं करूंगा.....मैं सामना में अपना मूल काम करना शुरू करूंगा.....ये सारे फैसले नए मुख्यमंत्री की ओर से लिया जाएगा।.."एक और सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि वे चाणक्य नहीं, एक योद्धा और शिवसैनिक हैं। गौरतलब है कि शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे गुरुवार को मुंबई के दादर स्थित शिवाजी पार्क में पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे।












Click it and Unblock the Notifications