बंगाल में BJP के धरने पर शिवसेना सांसद का तंज- 'सुपर स्प्रेडर धरना कीजिए, अभी कोरोना फैला ही कहां है...?'
बंगाल में BJP के धरने पर शिवसेना सांसद का तंज- 'सुपर स्प्रेडर धरना कीजिए, अभी कोरोना फैला ही कहां है...?'
मुंबई, 04 मई: शिवसेना सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने सोमवार (03 मई) को भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर जमकर निशाना साधा। शिवसेना नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने पश्चिम बंगाल में बीजेपी की होने वाली धरना पर तंज किया है। प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा है कि हां, बिल्कुल बीजेपी को धरना करना चाहिए वो भी सुपर स्प्रेडर धरना..क्योंकि उनके हिसाब से अभी देश में कोरोना फैला ही कहां है? पश्चिम बंगाल में चुनाव नतीजों के बाद से बीजेपी सर्मथकों पर हिंसा की खबरें सामने आ रही है। ऐसे में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा 04 मई और 05 मई को दो दिवसीय दौरे पर बंगाल में रहेंगे। जेपी नड्डा ने 05 मई को बंगाल में हिंसा के खिलाफ धरना करने का ऐलान किया है।

पूरे देश भर में सुपर स्प्रेडर धरना कीजिए: प्रियंका चतुर्वेदी
बीजेपी की धरना देने वाली खबर को रिट्वीट करते हुए शिवसेना सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने ट्वीट किया, ''हां, हमें देश भर में सुपर स्प्रेडर धरना कार्यक्रमों की आवश्यकता है, क्योंकि स्पष्ट रूप से, भाजपा के अनुसार, देश में अभी कोरोना वायरस पीक पर नहीं आया है, अभी कहां पर्याप्त वृद्धि देखी गई है, है ना?''
भाजपा पश्चिम बंगाल चुनावों के प्रचार के दौरान बड़े पैमाने पर रैली और जनसभाओं को लेकर कोरोनो वायरस नियमों का उल्लंघन करने का आरोप झेल रही है। लेकिन बुधवार को बंगाल में हो वाले धरने को लेकर बीजेपी ने कहा है कि विरोध प्रदर्शन सभी कोविड-19 प्रोटोकॉल के साथ आयोजित किया जाएगा।
बीजेपी ने बंगाल हिंसा को लेकर किया ये दावा
बीजेपी ने ट्वीट कर कहा है, ''बंगाल में टीएमसी के संरक्षण में चल रही हिंसा की स्थिति का जायजा लेने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा 04 मई से दो दिवसीय दौरे पर बंगाल में रहेंगे। जहां वह हिंसा से प्रभावित कार्यकर्ताओं और उनके परिजनों से मुलाकात करेंगे। वह लोकतांत्रिक तरीकों से हिंसा का विरोध करेंगे। विरोध कोविड-19 प्रोटोकॉल को ध्यान में रखकर किया जाएगा।''
बीजेपी ने ट्वीट में दावा किया है, '' पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम आने के 24 घंटे के अंदर भाजपा के कई कार्यकर्ताओं की हत्या कर दी गई है। कई कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हैं। पार्टी के कई कार्यकर्ताओं के घर और दुकान तक जला दिए गए हैं।''
बता दें कि भारत में पिछले कई दिनों से कोरोना वायरस की दूसरी लहर का प्रकोप जारी है। भारत में पिछले दो हफ्ते से साढ़े 3 लाख से ज्यादा नए कोरोना केस हर दिन सामने आ रहे हैं और तीन हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो रही है। भारत में कोरोना से अब तक 2.22 लाख लोगों की मौत हो चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications