महाराष्ट्र: किरीट सोमैया का विरोध जारी, संजय राउत के विधायक भाई ने कहा- मैं लड़ूंगा चुनाव
नई दिल्ली। लोकसभा चुनावों के मद्देनजर महाराष्ट्र में शिवसेना और बीजेपी एक साथ चुनाव लड़ रहे हैं। लेकिन इस गठबंधन के बावजूद शिवसेना के एक नेता ने ऐलान किया कि मुंबई नॉर्थ ईस्ट लोकसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। शिवसेना विधायक सुनील राउत ने कहा कि अगर बीजेपी ने यहां से किरीट सोमैया को भी टिकट दिया तो भी वे मुंबई नॉर्थ ईस्ट सीट से चुनाव लड़ेंगे। बता दें कि गठबंधन के तहत ये सीट बीजेपी के खाते में गई है लेकिन शिवसैनिक सोमैया का लगातार विरोध कर रहे हैं।

विधायक सुनील राउत शिवसेना सांसद संजय राउत के भाई हैं। उन्होंने कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो वे सोमैया के खिलाफ निर्दलीय चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा, 'मैं 100 फीसदी चुनाव लड़ूंगा।' महाराष्ट्र में भाजपा सांसद किरीट सोमैया का शिवसेना ने विरोध किया है। शिवसैना के कई नेताओं ने सोमैया के खिलाफ मुख्यमंत्री फडणवीस से शिकायत की अपना विरोध जताया। 65 साल के सोमैया मुंबई नॉर्थ ईस्ट लोकसभा सीट से भाजपा के सांसद हैं।
इसके पहले बीजेपी ने लोकसभा चुनाव 2019 के लिए महाराष्ट्र से 16 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया था लेकिन इन 16 नामों में किरीट सोमैया का नाम नहीं था। इसे लेकर ये अटकलें तेज हैं कि शिवसैनिकों की नाराजगी की वजह से उनके नाम का ऐलान पार्टी ने अभी नहीं किया है। दूसरी तरफ शिवसेना ने भी अपनी पहली सूची में 21 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया था। शिवसेना ने 18 में से 17 मौजूदा सांसदों को टिकट दिया।
शिवसेना की ओर से जारी की गई सूची में रायगढ़ से अनंत गीते, मुंबई दक्षिण से अरविंद सावंत, औरंगाबाद से चंद्रकांत खैरे और मुंबई दक्षिण मध्य से राहुल शेवाले का नाम शामिल हैं। पार्टी ने हिंगोली सीट पर उम्मीदवार बदला है। इस सीट पर पिछले चुनाव में अशोक वानखेड़े कांग्रेस उम्मीदवार से हार गए थे। यहां से पार्टी ने हेमंत पाटील पर भरोसा जताया है।












Click it and Unblock the Notifications