रिटायर्ड नेवी अफसर को शिवसेना के कार्यकर्ताओं ने पीटा, 6 लोग गिरफ्तार
मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के खिलाफ एक कार्टून को फॉर्वर्ड करना नौसेना के पूर्व अधिकारी को भारी पड़ गया। शुक्रवार शाम चार बजे के करीब कुछ पांच-छह शिवसैनिकों ने मिलकर एक रिटायर्ड नेवी ऑफिसर मदन शर्मा को बुरी तरह से पीट दिया। हमले में शर्मा को काफी गंभीर चोटें आई हैं, जिनका इलाज मुंबई के एक प्राइवेट अस्पताल में चल रहा है। मुंबई पुलिस ने इस मामले में 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में एक शिवसेना का शाखा प्रमुख कमलेश कदम भी है।
Recommended Video

पुलिस के मुताबिक, यह घटना सुबह करीब 11.30 बजे उपनगर कांदिवली के लोखंडवाला कॉम्प्लेक्स इलाके में हुई। उन्होंने कहा, सेवानिवृत्त नौसेना अधिकारी मदन शर्मा ने एक व्हाट्सऐप ग्रुप में ठाकरे पर एक कार्टून भेजा था। इसके बाद कुछ शिवसेना कार्यकर्ता उनके घर गए और उनके साथ मारपीट की। मारपीट करने वालों में शिवसेना का शाखा प्रमुख कमलेश कदम और संजय मांजरे समेत करीब एक दर्जन लोग थे।
अधिकारी ने बताया कि भारतीय दंड संहिता की धारा 325और दंगे से संबंधित प्रावधानों के तहत छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि इस मामले में देर शाम कमलेश कदम और तीन अन्य लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। मामले की जांच जारी है। पूर्व अधिकारी मदन शर्मा ने कहा कि कार्टून फॉर्वर्ड करने के चलते मुझे धमकी भरे कॉल आए थे। आज 8-10 लोगों ने मुझ पर हमला किया और मुझे पीटा। मैंने अपनी पूरी जिंदगी देश के लिए काम किया है।
वहीं रिटायर्ड अधिकारी की बेटी शीला शर्मा ने कहा कि कार्टून को फॉर्वर्ड करने के चलते उन्हें धमकी मिली थी। शिवसेना के लोगों ने मेरे पिताजी पर हमला किया। बाद में, पुलिस हमारे निवास पर आई और मेरे पिता को अपने साथ ले जाने पर जोर दिया। हमने समता नगर पुलिस स्टेशन में एक एफआईआर दर्ज करायी है। इस पूरे मामले में राजनीति तेज हो गई। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस समेत बीजेपी के कई नेताओं ने इस पूरे मामले पर खेद जताया है।












Click it and Unblock the Notifications