राम मंदिर मुद्दे को लेकर मोदी सरकार पर बरसे उद्धव ठाकरे, बोले-हिंदू मासूम हैं लेकिन मूर्ख नहीं
पंढरपुर: अयोध्या की तरह शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने सोमवार को पंढरपुर में महासभा की। महासभा को संबोधित करते हुए उद्धव ठाकरे ने अयोध्या राम मंदिर के मुद्दे पर कहा कि 30 साल हो गए हैं और अभी भी आप कहते हैं कि मामला अदालत में है। हिंदू मासूम हैं लेकिन मूर्ख नहीं। उन्होंने कहा कि राम मंदिर मुद्दे पर संसद में चर्चा होनी चाहिए। एनडीए के बीच इस मुद्दे पर आपके पक्ष में कौन हैं, यह स्पष्ट होगा।

पीएम मोदी ने पूरे नहीं किए वादे
महासभा को संबोधित करते हुए उद्धव ठाकरे ने कहा कि अभी हाल में प्रधानमंत्री महाराष्ट्र आए और कई वायदे किए। वादों में प्रदेश को 8 हजार करोड़ देने की भी बात की लेकिन अब तक एक भी वादा पूरा नहीं किया गया। अपने भाषण में उद्धव ठाकरे पीएम मोदी के विदेश दौरे पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री अक्सर विदेश दौरे पर रहते हैं। लेकिन अगर वो एक बार इस पावन जगह पर आएं तो उनके सारे पाप धुल जाएंगे।

मोदी सरकार ने नहीं बढ़ाया जवानों को वेतन
उद्धव ठाकरे ने मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार ने जवानों का वेतन नहीं बढ़ाया। लेकिन राफेलजैसे भ्रष्ट सौदे करने में जरा भी हिचक नहीं आई। हाल ही में पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव परिणाम पर चुटकी लेते हुए उद्धव ठाकरे ने कहा कि राज्यों में हार इस बात का इशारा हैं कि वहां अब राष्ट्रीय पार्टियां काम नहीं आएंगी। इसके साथ-साथ उद्धव ठाकरे ने महाराष्ट्र में सूखे की समस्या पर भी मोदी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि विदेश घूमने की बजाय उनको यहां आना चाहिए और सूखे की मार देखनी चाहिए। इस दौरान उन्होंने कहा कि आप तो जानते ही है कि चौकीदार भी आजकल चोरी में शामिल हैं।

सोहराबुद्दीन केस पर क्या बोले उद्धव?
ठाकरे ने कहा आपने सोहराबुद्दीन केस में खुद को बरी करा लिया लेकिन बाबरी मस्जिद का मसला अब तक लटका हुआ है। उन्होंने कहा कि बीजेपी को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राम विलास पासवान से राम मंदिर पर उनकी राय जाननी चाहिए। इसके अलावा उद्धव ने एनडीए गठबंधन पर सवाल उठाते हुए कहा कि नीतीश संघ मुक्त भारत की बात कर चुके हैं, उसके बाद भी उनके सा गठबंधन जारी है।












Click it and Unblock the Notifications