शीना बोहरा हत्याकांड: इंद्राणी मुखर्जी ने CBI कोर्ट में दायर की जमानत याचिका
मुंबई। अपनी बेटी शीना की हत्या के आरोप में जेल में बंद इंद्राणी मुखर्जी ने सीबीआई की विशेष अदालत में जमानत याचिका दायर की है। जिसमें इंद्राणी के वकील ने दलील दी है कि उनकी तबीयत में लगातार गिरावट हो रही है, जिससे उनका स्वास्थ्य गंभीर बना हुआ है। इस आधार पर जमानत दी जानी चाहिए। इंद्राणी की जमानत के लिए ये चौथी कोशिश है।

इससे पहले बीते महीने दिसंबर 2019 में दायर जमानत याचिका को विशेष अदालत ने खारिज कर दिया था। उनकी जमानत याचिका का विरोध करते हुए सीबीआई ने कहा था कि इस बात का कोई सबूत नहीं है कि उसकी तबीयत बिगड़ती जा रही है। बता दें कि शीना बोहरा हत्याकांड तब सामने आया था जब इंद्राणी के ड्राइवर श्यामवर राय को मुंबई पुलिस ने अवैध हथियार के मामले में गिरफ्तार किया था। पूछताछ में उसने शीना बोहरा मामले का भी खुलासा किया था।
इसके बाद 25 अगस्त 2015 में इंद्राणी को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस की पूछताछ में श्यामवर ने बताया था कि 24 अप्रैल, 2012 को इंद्राणी ने अपनी बेटी शीना को फोन कर नेशनल कॉलेज बुलाया था। जो उस वक्त पीटर मुखर्जी (इंद्राणी के मौजूदा पति) के बेटे राहुल मुखर्जी के साथ लिव-इन रिलेशन में थी। इसके बाद अगस्त 2016 में इंद्राणी और पीटर मुखर्जी की कॉल रिकॉर्डिंग सामने आई थी।
यह रिकॉर्डिंग पीटर के बेटे राहुल ने की थी। बाद में ये टेप एक समाचार चैनल ने जारी करवा दिया, जिसमें पीटर और इंद्राणी शीना की हत्या की बात छिपाने के लिए राहुल को गुमराह कर रहे थे। इस चैनल ने दावा किया था कि उसके पास 20 ऐसे ऑडियो टेप हैं। फिर इनमें से सात टेप को सीबीआई ने सबूत के तौर पर इस्तेमाल किया था।












Click it and Unblock the Notifications