शॉटगन शत्रुघ्न सिन्हा बिहार में भाजपा को कर सकते हैं खामोश
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के स्टार चेहरों में शत्रुघ्न सिन्हा एक अहम नाम हैं। सिन्हा भारतीय जनता पार्टी से काफी समय से जुड़े हुए हैं, उन्होंने सक्रिय राजनीति में जेपी आंदोलन के समय में कदम रखा था। लेकिन वर्तमान सरकार में खुद को उपेक्षित महसूस कर रहे सिन्हा भाजपा के लिए मुसीबत बन सकते हैं।

लापता होने के पोस्टर लगने से नाराज हुए शॉटगन
हाल ही में बिहार में शत्रुघ्न सिन्हा के लापता होने के पोस्टर लगे हैं। जिसपर सिन्हा ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी के कुछ भटके और उकसाये लोग हैं जिन्होंने यह पोस्टर लगाये हैं। ये लोग सस्ती लोकप्रियता के लिए ऐसा कर रहे है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग मेरी लोकप्रियता को हजम नहीं कर पा रहे हैं और ऐसी हरकत कर रहे हैं।
बिहार की रैली में भी नहीं मिला सिन्हा को निमंत्रण
वहीं भाजपा ने बिहार में एक विशाल रैली के जरिए बिहार में अपनी चुनावी बिगुल फूंकने जा रही है। इस रैली से शत्रुघ्न सिन्हा नदारद हैं, वहीं इस रैली के बारे में सिन्हा का कहना है कि मैं अपने व्यक्तिगत कामों के चलते व्यस्त हूं लिहाजा इस रैली में शामिल नहीं हो सकता। वहीं इस सवाल को सिन्हा टाल देते हैं कि क्या उन्हें इस रैली के लिए निमंत्रण नहीं मिला। उन्होंने कहा कि मैं यह नहीं बता सकता लेकिन शायद पार्टी को पहले से पता था कि मैं व्यस्त हूं इसिलिए मुझे नहीं बुलाया गया है।
मेरी काबिलियत को पार्टी नहीं समझ रही
सिन्हा ने कहा कि मैं पार्टी के लिए पूरी तरह से समर्पित हूं। शत्रुघ्न सिन्हा का कहना है कि मैं अपनी काबिलियत को जनता की सेवा में उपयोग करना चाहता हूं। हालांकि पार्टी मुझे इस काबिल नहीं समझती है इसका मुझे दुख है। हालांकि उन्होंने कहा कि बिहार में मेरी मुख्यमंत्री बनने की कोई इच्छा नहीं है।
पार्टी विरोधी बयान भी दे चुके हैं सिन्हा
शत्रुघ्न सिन्हा ने पूर्व में भी भाजपा को मुसीबत में डालने का काम किया है। दिल्ली चुनावों के दौरान उन्होंने केजरीवाल के समर्थन में बयान देकर पार्टी के लिए मुसीबत खड़ी की थी। उन्होंने केजरीवाल को एक लोकप्रिय और कुशल नेता बताया था जिससे पार्टी ने अपना पल्ला झाड़ लिया था।
अटल सरकार में मैं मंत्री रह चुका हूं
शत्रुघ्न ने मौजूदा सरकार में कोई जिम्मेदारी नहीं दिये जाने पर भी अपनी नाराजगी जाहिर की है। सिन्हा ने कहा कि था कि पार्टी मुझे इस काबिल नहीं समझती है कि मुझे कोई बड़ी जिम्मेदारी दे। उन्होंने पूर्व की भाजपा सरकार का हवाला देते हुए कहा कि मुझे अटल जी की सरकार में मंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी थी जिसका मैंने बखूबी वहन किया था।
मैं तो सिर्फ राष्ट्रीय कार्यकारिणी का सदस्य हूं
बिहार में भाजपा के शीर्ष नेताओं की सूचि से नदारद रहने के सवाल के जवाब में सिन्हा ने कहा कि बिहार में मुझसे कई बड़े नेता हैं जिन्हें जनता पसंद करती है। वहीं उन्होंने इशारों-इशारों में कहा कि प्रदेश की किसी भी कार्यकारिणी का मैं सदस्य नहीं हूं। मैं सिर्फ भाजापा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी का सदस्य हूं। जब भी पार्टी मुझे आने के लिए कहती है मैं आ जाता हूं।












Click it and Unblock the Notifications