भारत के लिए ट्रंप के 'बदले लहजे' पर थरूर ने किया पलटवार, बोले- हिंदुस्तान पुराने जख्म नहीं भूल सकता
Shashi Tharoor on Trump: कांग्रेस सांसद शशि थरूर (Shashi Tharoor) ने रविवार को अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) के भारत को लेकर बदले हुए रुख पर तीखी प्रतिक्रिया दी। थरूर ने कहा कि ट्रंप का "नया लहजा" और रिश्तों को बेहतर बनाने की बात स्वागत योग्य जरूर है, लेकिन भारत के खिलाफ दिए गए उनके पुराने अपमानजनक बयान और 50% टैरिफ जैसे कठोर फैसले इतनी आसानी से माफ नहीं किए जा सकते।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) की त्वरित प्रतिक्रिया और विदेश मंत्री द्वारा भारत-अमेरिका साझेदारी के महत्व को रेखांकित करने की सराहना की, लेकिन यह भी स्पष्ट किया कि केवल बयानों से बात नहीं बनेगी।

थरूर का कहना है कि दोनों देशों की सरकारों और कूटनीतिज्ञों को रिश्तों को मजबूत करने और पुराने घाव भरने के लिए गंभीर कदम उठाने होंगे। उनका मानना है कि ट्रंप की नीतियों से भारतीयों को पहले ही नुकसान झेलना पड़ा है, इसलिए अब सतर्क रहकर ही इस "नए लहजे" का स्वागत करना चाहिए।
"नए लहजे का स्वागत, लेकिन सावधानी जरूरी"
थरूर ने ANI से बातचीत में कहा, "मैं इस नए लहजे का सावधानी के साथ स्वागत करूंगा। हम इतने जल्दी न तो अपमान भूल सकते हैं और न ही माफ कर सकते हैं, क्योंकि इसका असर सीधे भारतीयों पर पड़ा है। इन नतीजों से पार पाना अभी बाकी है।"
थिरुवनंतपुरम से सांसद थरूर ने कहा कि डोनाल्ड ट्रंप द्वारा लगाए गए 50 प्रतिशत टैरिफ और उनके अपमानजनक बयानों को पूरी तरह से भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने ट्रंप को "Mercurial Temperament" वाला नेता बताया, यानी उनका स्वभाव बार-बार बदलता है और उनके बयानों ने भारतवासियों को ठेस पहुंचाई है।
शशि थरूर ने कहा कि ट्रंप का 50% टैरिफ पहले ही आम भारतीयों पर असर डाल चुका है। इसके अलावा उनके और उनकी टीम द्वारा दिए गए अपमानजनक बयान भी भुलाए नहीं जा सकते।
India-US Relations: ट्रंप ने कहा था- "भारत-अमेरिका संबंध बेहद खास"
गौरतलब है कि डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को भारत-अमेरिका संबंधों को "बहुत खास रिश्ता" बताया था और कहा था कि वह और प्रधानमंत्री मोदी हमेशा दोस्त रहेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि दोनों देशों के रिश्तों को लेकर "चिंता की कोई बात नहीं है।"
इसके जवाब में पीएम मोदी ने भी ट्रंप की बातों का गर्मजोशी से स्वागत किया और कहा कि भारत-अमेरिका का संबंध वास्तव में एक सकारात्मक और दूरदर्शी "Comprehensive and Global Strategic Partnership" है।












Click it and Unblock the Notifications