सुनंदा मर्डर केस: सुब्रमण्यम स्वामी का आरोप, बीजेपी के कुछ लोगों से मदद मांग रहे हैं शशि थरूर
नई दिल्ली। हाई कोर्ट ने गुरुवार को दिल्ली पुलिस को निर्देश दिया कि वह कांग्रेस सांसद शशि थरूर की पत्नी सुनंदा पुष्कर की मौत के मामले में तीन दिन के अंदर स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करे। कोर्ट ने दिल्ली पुलिस से यह भी जानना चाहा कि उसने बीते साढ़े 3 साल में इस मामले क्या किया है? अब इस मामले में अगली सुनवाई 1 अगस्त को होगी। हाईकोर्ट ने पिछली सुनवाई में मामले की जांच कोर्ट की निगरानी में विशेष जांच दल से कराने की मांग करने वाले भाजपा नेता सुब्रमण्यम स्वामी की याचिका पर को संज्ञान लिया था।

आपको बता दें कि इस मामले में होम मिनिस्ट्री को भी तीन दिन के अंदर एक स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करनी होगी। हाईकोर्ट के इस निर्देश के बाद सुब्रमण्यम स्वामी ने कहा कि यह साफ तौर पर मर्डर का मामला है। स्वामी ने कहा, 'मेरा आरोप है कि शशि थरूर मेरी ही पार्टी के कुछ लोगों से मदद मांग रहे हैं। मैंने इस ओर पीएम का ध्यान दिलाया है और मैं शुक्रगुजार हूं कि उन्होंने मुझे फ्री हैंड दिया है। उन्होंने मुझसे कहा है कि इस जांच में कोई भी दखल नहीं देगा।'
और क्या कहना है सुब्रमण्यम स्वामी का
सुब्रमण्यम स्वामी ने सुनवाई के बाद बाहर एएनआइ से बातचीत में कहा कि दिल्ली पुलिस का कहना है कि अगर कोर्ट सीबीआइ जांच का निर्देश देता है तो हमें कोई एतराज नहीं है। पिछली बार सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता सुब्रमण्यम स्वामी ने कहा था कि ये जनहित से जुड़ा मामला है, क्योंकि अपनी मौत से पहले सुनंदा आईपीएल में हुई गड़बड़ियों के बारे में खुलासा करने वाली थी। स्वामी की याचिका में कहा गया है कि इस मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। मौत की वजह जहर को बताया गया है।












Click it and Unblock the Notifications