Shashi Tharoor के PM मोदी की तारीफ पर कांग्रेस में घमासान, नेताओं ने पूछा-आखिर आप कांग्रेस में क्यों हैं?
Shashi Tharoor Praises PM Modi: कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने एक बार फिर अपने हालिया बयान से पार्टी के भीतर हलचल मचा दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रमनाथ गोयनका लेक्चर की खुलकर प्रशंसा करने के बाद कांग्रेस नेताओं ने उन पर तंज कसते हुए सवाल उठाया है कि क्या वे वास्तव में पार्टी की लाइन से सहमत भी हैं या नहीं।
थरूर ने हाल ही में सोशल मीडिया प्लेटफार्म X पर एक पोस्ट में लिखा था कि प्रधानमंत्री का यह व्याख्यान "आर्थिक दृष्टि और सांस्कृतिक आह्वान दोनों का मिश्रण" था, जिसने देश को प्रगति के लिए "बेचैन" होने की प्रेरणा दी। उन्होंने यह भी कहा कि वह तेज़ जुकाम और खाँसी होने के बावजूद इस कार्यक्रम में शामिल होकर "खुश" थे। इसी टिप्पणी ने कांग्रेस के भीतर नया विवाद खड़ा कर दिया है।

कांग्रेस का हमला: 'हिपोक्रिट'
बुधवार को कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने शशि थरूर के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने ANI से कहा कि थरूर शायद "देश के बारे में बहुत नहीं जानते।" दीक्षित ने सवाल उठाया कि अगर थरूर को लगता है कि BJP या प्रधानमंत्री मोदी की नीतियाँ कांग्रेस से बेहतर हैं, तो वे पार्टी में क्यों हैं-क्या सिर्फ इसलिए कि वे सांसद हैं? उन्होंने कहा कि थरूर को इस पर स्पष्ट जवाब देना चाहिए, और यदि वे ऐसा नहीं करते, तो "वे एक हिपोक्रिट हैं।"
कांग्रेस की वरिष्ठ प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने भी थरूर की टिप्पणी से असहमति जताते हुए कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री के भाषण में "कुछ भी प्रशंसनीय" नहीं लगा।
थरूर ने क्यों कि PM मोदी तारीफ़ की?
शशि थरूर ने X पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण की कई बातों की तारीफ़ की। उन्होंने लिखा कि PM मोदी ने भारत को सिर्फ 'emerging market' नहीं, बल्कि दुनिया के लिए एक 'emerging model' बताया। थरूर ने कहा कि प्रधानमंत्री ने खुद को "इमोशनल मोड" में बताया, जो लोगों की समस्याओं को समझकर हल करना चाहते हैं।
भाषण में मोदी ने मैकाले की "गुलाम मानसिकता" से छुटकारा पाने के लिए 10 साल का राष्ट्रीय मिशन शुरू करने की बात कही और देश की विरासत, भाषाओं और ज्ञान पर गर्व करने का संदेश दिया। थरूर ने हल्के व्यंग्य में यह भी कहा कि काश मोदी यह भी बताते कि रमनाथ गोयनका ने अंग्रेज़ी भाषा का इस्तेमाल करके भारतीय राष्ट्रवाद की आवाज़ कैसे उठाई थी।
अडवाणी पर टिप्पणी भी पार्टी को पसंद नहीं आई थी
यह मामला तब उठा है जब कुछ ही दिन पहले शशि थरूर ने BJP के वरिष्ठ नेता LK अडवाणी पर आए एक आलोचनात्मक पोस्ट का बचाव किया था। उन्होंने कहा था कि "अडवाणी जी को सिर्फ रथयात्रा के कारण दोषी ठहराना गलत होगा।" कांग्रेस ने इस बयान से खुद को अलग कर लिया था। अब मोदी की तारीफ़ ने पार्टी में उनके खिलाफ असहजता और बढ़ा दी है।
पार्टी लाइन से अलग विचार रखने की आदत?
शशि थरूर कई बार सार्वजनिक मंचों पर अपनी स्वतंत्र राय रखते रहे हैं, जो अक्सर कांग्रेस की आधिकारिक लाइन से मेल नहीं खाती। इसी वजह से कांग्रेस के भीतर यह सवाल उठता रहा है कि आखिर थरूर अपनी राजनीतिक स्थिति को लेकर किस दिशा में हैं। इस बार उनके पोस्ट ने पार्टी नेताओं में यह असंतोष और तेज़ कर दिया है।
क्या कांग्रेस उनसे जवाब मांगेगी?
हालाँकि कांग्रेस ने आधिकारिक तौर पर कोई अनुशासनात्मक कदम घोषित नहीं किया है, लेकिन वरिष्ठ नेताओं की तीखी प्रतिक्रियाओं से यह संकेत मिल रहा है कि थरूर का बयान पार्टी के भीतर असहजता पैदा कर चुका है। कई नेता चाह रहे हैं कि शशि थरूर स्पष्ट करें कि क्या वे PM मोदी की रणनीतियों को बेहतर मानते हैं?क्या वे कांग्रेस की आधिकारिक लाइन से सहमत हैं? और अगर नहीं, तो फिर वे कांग्रेस में क्यों हैं?












Click it and Unblock the Notifications