Shashi Tharoor: बहुत कुछ कहती है थरूर की यह X पोस्ट और बॉडी लैंग्वेज? केरल में BJP की खास चेहरे की तलाश पूरी?
Shashi Tharoor BJP: केरल के तिरुवनंतपुरम से कांग्रेस सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री शशि थरूर इन दिनों सियासी वजहों से काफी सुर्खियों में हैं। अबकी बार चर्चा उनकी हालिया X (पूर्व में ट्विटर) पोस्ट को लेकर हो रही है, जिसमें उन्होंने केंद्र सरकार की 'प्रधानमंत्री स्वास्थ्य सुरक्षा योजना' (PMSSY) की जमकर तारीफ की है।
दिलचस्प बात यह है कि थरूर केंद्र सरकार के जिस विभाग की पहल की सराहना कर रहे हैं, वह भी सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अधीन आने वाले विज्ञान और प्रॉद्योगिकी मंत्रालय के अंतर्गत आता है। ऐसे में इस पोस्ट को लेकर राजनीतिक गलियारों में पहले से ही सुलग रही कयासबाजियों को और हवा मिल गई है। क्या थरूर वास्तव में कांग्रेस छोड़ने का मन बना रहे हैं? क्या बीजेपी को केरल में थरूर के रूप में अपना बड़ा चेहरा मिल चुका है?

Shashi Tharoor Congress: थरूर की X पोस्ट ने बढ़ाई सियासी हलचल
शशि थरूर ने पोस्ट में लिखा हैं, 'एक ट्वीट जो गलती से पोस्ट नहीं हुआ: श्री चित्रा तिरुनल इंस्टीट्यूट फॉर मेडिकल साइंसेज एंड टेक्नोलॉजी में उन्नत सुपर स्पेशियलिटी न्यूरोसर्जरी और कार्डियोवैस्कुलर सर्जरी के अत्याधुनिक नए बिल्डिंग ब्लॉक के उद्घाटन के मौके पर केंद्रीय मंत्री डॉ.जितेंद्र सिंह के साथ शामिल होकर प्रसन्नता हुई। 'प्रधानमंत्री स्वास्थ्य सुरक्षा योजना' के तहत निर्मित, यह तिरुवनंतपुरम के प्रमुख अस्पतालों में से एक की क्षमता में नाटकीय रूप से विस्तार करता है।'
इस ट्वीट को उन्होंने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केरल के त्रिशूर से भाजपा सांसद और केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी और केरल में बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वी मुरलीधरन को भी टैग किया है, जो इस कार्यक्रम में उनके साथ उपस्थित थे। नड्डा इस कार्यक्रम से इलेक्ट्रोनिक माध्यम से जुड़े थे।
Shashi Tharoor BJP: थरूर और कांग्रेस: क्यों सब ठीक नहीं?
शशि थरूर लंबे समय से कांग्रेस के असंतुष्ट नेताओं में गिने जाते रहे हैं। 2022 में कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव में उन्होंने मल्लिकार्जुन खड़गे के खिलाफ ताल ठोकी थी और उनके खिलाफ खेमा बनाने की कोशिश की थी। हालांकि, चुनाव हारने के बाद भी वे पार्टी में बने रहे, लेकिन कई मौकों पर अपने बेबाक बयानों से उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व को असहज किया है, जो पार्टी की संस्कृति के लिए बहुत ही असामान्य बात है।
Shashi Tharoor Congress: केरल में बीजेपी को बड़े चेहरे की तलाश
केरल बीजेपी के लिए हमेशा से चुनौती भरा राज्य रहा है। पार्टी अब तक वहां कोई बड़ा प्रभाव नहीं छोड़ पाई है, लेकिन 2024 के लोकसभा चुनाव में वह इस मिथक को तोड़ने में कुछ हद तक जरूर सफल हुई और 20 में से एक सीट पर भगवा लहरा दिया। हालांकि, तब भी पार्टी को यह दिक्कत महसूस हुई कि उसके पास कोई ऐसा स्थानीय बड़ा चेहरा नहीं था,जो लोकप्रिय भी हो और जिसका अपना जनाधार भी हो।
लेकिन, शशि थरूर का झुकाव अगर बीजेपी की ओर होता है, तो यह दोनों ही के लिए बड़ी उपलब्धि होगी। क्योंकि, थरूर को भी कांग्रेस में एक तरह से हाशिए पर छोड़ दिया गया है।
वैसे पिछले कुछ समय में बीजेपी ने केरल में कई चर्चित चेहरों को साधने की कोशिश की है। इसी कड़ी में अभिनेता सुरेश गोपी को पार्टी ने पहले ही अपनी ओर खींच लिया है, जो केंद्र में मंत्री भी हैं। अब अगर शशि थरूर भी भाजपा के करीब आते हैं, तो यह कांग्रेस के लिए बड़ा झटका हो सकता है।
Shashi Tharoor: भविष्य की राजनीति की दिशा?
शशि थरूर का यह पोस्ट महज एक सरकारी योजना की तारीफ है या फिर इसके पीछे कोई गहरी राजनीतिक रणनीति है? यह फिलहाल बड़ा सवाल बना हुआ है। हालांकि, उनकी बॉडी लैंग्वेज और हालिया घटनाओं को जोड़कर देखें तो यह स्पष्ट होता है कि वे कांग्रेस से पूरी तरह संतुष्ट नहीं हैं और बीजेपी की ओर सकारात्मक संकेत दे रहे हैं।
यहां ये साफ करना भी जरूरी है कि डॉ.जितेंद्र सिंह पीएम मोदी के तीनों ही कार्यकाल में राज्यमंत्री का जिम्मा संभाल रहे हैं।
Shashi Tharoor: केरल की राजनीति में होने वाला है बड़ा उलटफेर?
आने वाले दिनों में अगर वे बीजेपी के और करीब आते हैं या फिर कांग्रेस के खिलाफ मुखर होते हैं, तो यह तय हो जाएगा कि केरल की राजनीति में एक बड़ा उलटफेर होने वाला है। फिलहाल, उनका यह X पोस्ट एक संकेत के रूप में देखा जा सकता है, जिसकी गूंज अगले साल होने वाले केरल विधानसभा चुनावों तक बनी रह सकती है।












Click it and Unblock the Notifications