'कर्नाटक की जीत से अति उत्साह में न आए कांग्रेस', शशि थरूर ने याद दिलाया पुराना इतिहास
Shashi Tharoor On Congress Party: कर्नाटक चुनाव की जीत के बाद अति उत्साह में दिख रहे कांग्रेस पार्टी के कई नेताओं को शशि थरूर ने नसीहत दी है। कांग्रेस नेता शशि थरूर (Shashi Tharoor) ने पुराना इतिहास याद दिलाते हुए चेतावनी दी है। शशि थरूर ने कहा कि कर्नाटक में भाजपा को हराने के बाद कांग्रेस के लिए यह महत्वपूर्ण है कि वह आत्मसंतुष्ट न हो, क्योंकि मतदाता राज्य और राष्ट्रीय चुनावों के बीच अपना व्यवहार बदल सकते हैं। मतदाता का मूड कब बदल जाए कहना मुश्किल है।
शशि थरूर ने याद दिलाया पुराना इतिहास
कांग्रेस नेता शशि थरूर (Shashi Tharoor) ने अपनी बात को साबित करने के लिए पिछले साल राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनावों में जीत के बाद 2019 के आम चुनाव में कांग्रेस के खराब प्रदर्शन का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि इन राज्यों में कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन किया था लेकिन उसके कुछ महीने बाद ही 2019 के लोकसभा चुनाव में सबसे खराब प्रदर्शन रहा है।

शशि थरूर ने कहा कि 2018 में, हम न केवल कर्नाटक में सबसे बड़ी पार्टी के रूप में सामने आए, बल्कि राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में भी जीत हासिल की और फिर जब उन्हीं राज्यों में लोकसभा चुनाव आए, तो बीजेपी ने हमें हरा दिया। यहां तक कि कर्नाटक में भी, उन्होंने हमें लोकसभा में सिर्फ एक सीट के साथ छोड़ दिया। जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल में उन्होंने यह बात कही।
राज्य और लोकसभा चुनाव में मतदाता अपना मूड बदल सकते हैं
शशि थरूर (Shashi Tharoor) ने कहा कि अगर राज्य चुनावों और राष्ट्रीय चुनावों के बीच मतदाता कुछ ही महीनों में अपना व्यवहार बदल सकते हैं, तो यह महत्वपूर्ण है कि हम आत्मसंतुष्ट न हों। कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 224 में से 135 सीटों पर जीत हासिल की, जबकि इस साल मई में हुए चुनावों में भाजपा को 66 सीटें मिलीं।
कर्नाटक चुनाव में स्थानीय नेताओं का प्रभाव: शशि थरूर
शशि थरूर ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष खुद कर्नाटक से हैं। इतना ही नहीं राहुल और प्रियंका ने भी प्रचार किया लेकिन स्थानीय नेताओं ने जमीन पर बहुत अधिक नेतृत्व किया। स्थानीय मुद्दों, स्थानीय व्यस्तताओं, आर्थिक मुद्दों, बैंगलोर में बुनियादी ढांचे के मुद्दों पर जोर दिया गया। ये सभी मतदाताओं के लिए जो चीजें मायने रखती हैं, कांग्रेस ने उन पर ध्यान केंद्रित किया।












Click it and Unblock the Notifications