शरद पवार ने गौतम अडानी संग तस्वीरें की साझा, भाजपा ने ली चुटकी- राहुल गांधी की कोई नहीं सुनता
नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी के मुखिया शरद पवार ने शनिवार को उद्योगपति गौतम अडानी से मुलाकात की। दोनों ही अहमदाबाद में एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए पहुंचे थे। अहमदाबाद में भारत का पहला लैक्टोफेरिन प्लांट खुला है, इसी के उद्घाटन के मौके पर दोनों साथ नजर आए। इसके बाद शरद पवार गौतम अडानी के घर और ऑफिस भी पहुंचे थे।
इस मुलाकात के बाद शरद पवार ने ट्वीट करके लिखा, भारत के पहले लैक्टोफेरिन प्लांट का गौतम अडानी के साथ उद्घाटन करना सम्मान की बात है। अहम बात यह है कि शरद पवार और गौतम अडानी के बीच यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब राहुल गांधी लगातार गौतम अडानी पर हमलावर हैं।

विपक्षी गठबंधन इंडिया भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ 2024 से पहले अपनी जमीन को मजबूत करने में जुटा है। राहुल गांधी गौतम अडानी को लेकर भाजपा पर लगातार तीखा हमला बोलते आए हैं। ऐसे में शरद पवार और गौतम अडानी की मुलाकात के बाद भारतीय जनता पार्टी ने राहुल गांधी पर तंज कसा है।
शरद पवार और गौतम अडानी की मुलाकात को लेकर भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने ट्वीट करके लिखा, मैं बस उम्मीद करता हूं कि शरद पवार को अल्का लांबा जैसे लोग फिर से गालियां नहीं देने लगेंगी क्योंकि इंडिया गठबंधन में राहुल गांधी को या फिर उनकी बातों को कोई गंभीरता से नहीं लेता है। यह तस्वीर हजारों शब्द कहती है, बशर्ते राहुल गांधी इसे सुनने को तैयार हों।
बता दें कि शरद पवार ने गौतम अडानी के साथ कार्यक्रम की तस्वीरों को ट्विटर पर शेयर किया है। तस्वीरों में देखा जा सकता है कि दोनों एक साथ नजर आ रहे हैं। गौर करने वाली बात है कि ऐसा पहली बार नहीं है जब शरद पवार की नजदीकी गौतम अडानी के साथ नजर आई है।
इससे पहले जब विपक्ष ने गौतम अडानी के खिलाफ आरोपों की ज्वाइंट पार्लियामेंट्री कमेटी द्वारा जांच की बात कही गई थी तो उन्होंने इसका विरोध किया था और कहा था कि मैं सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच के पक्ष में हूं।
अपनी आत्मकथा में भी शरद पवार ने गौतम अडानी को मेहनती, साधार और जमीन से जुड़ा व्यक्ति बताया था। शरद पवार के जोर डालने की वजह से ही गौतम अडानी ने पावर सेक्टर में कदम रखा था। शरद पवार ने आत्मकथा में लिखा है कि गौतम अडानी ने बिल्कुल शून्य से इस बिजनेस को खड़ा किया है।












Click it and Unblock the Notifications