वित्त सचिव बोले, कैश की समस्या से निपटने की कवायद जारी
आर्थिक मामलों के सचिव शक्तिकांत दास ने बताया कि सरकार और आरबीआई लगातार लोगों को कैश की समस्या से निजात दिलाने को लेकर प्रयास कर रही है।
नई दिल्ली। नोटबंदी के 37वें दिन भी नगदी को लेकर लोगों की समस्या कम नहीं हुई है। इस बीच सरकार की ओर से आर्थिक मामलों के सचिव शक्तिकांत दास सामने आए। उन्होंने नोटबंदी के मुद्दे पर सरकार की ओर से उठाए जा रहे कदम की जानकारी दी।

'तेजी से छापे जा रहे हैं 500 के नए नोट'
आर्थिक मामलों के सचिव शक्तिकांत दास ने बताया कि सरकार और आरबीआई लगातार लोगों को कैश की समस्या से निजात दिलाने को लेकर प्रयास कर रही है। 500 रुपये के नए नोट तेजी से छापे जा रहे हैं। इन नोटों की सप्लाई बढ़ाई गई है।
आर्थिक मामलों के सचिव ने शक्तिकांत दास ने बताया कि ग्रामीण इलाकों में कैश पहुंचाने की कोशिशें तेज की गई हैं। नोट पहुंचाने के लिए विमान का इस्तेमाल किया जा रहा है। जिससे लोगों की समस्या कम की जा सके।
शक्तिकांत दास ने बताया कि को-ऑपरेटिव बैंकों में कैश पहुंचाने का काम तेजी से किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 50 और 20 रुपये के नोटों की छपाई भी तेजी से की जा रही है।
दो से तीन हफ्ते में कैश सप्लाई में तेजी आएगी: शक्तिकांत दास
शक्तिकांत दास ने बताया कि दो से तीन सप्ताह में कैश की सप्लाई में तेजी आएगी। इस बीच में 100 रुपये के 80 हजार करोड़ नए नोट जारी किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि कड़ी निगरानी में छापेमारी की कार्रवाई की जा रही है जिसमें नोटों को पकड़ा जा रहा है। इस दौरान जब्त किए गए नए नोटों को फिर से बाजार में भेजा जा रहा है।
शक्तिकांत दास ने बताया कि नए नोटों में सुरक्षा फीचर्स का खास ध्यान दिया जा रहा है। जिसके चलते इन नोटों को कॉपी करना आसान नहीं है। यानी इन नोटों के नकली नोट छापना आसान नहीं होगा।
उन्होंने बताया कि 2000 रुपये के नोट की जगह पर हमारा ज्यादा फोकस 500 के नोट छापने पर है। जिससे कैश को लेकर लोगों की समस्या को कम किया जा सके।












Click it and Unblock the Notifications