'देश के मुसलमानों से बात कीजिए', पीएम मोदी से शाही इमाम की भावुक अपील ने जीता लोगों का दिल
दिल्ली स्थित जामा मस्जिद के शाही इमाम सैयद अहमद बुखारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भावुक अपील की है। उन्होंने पीएम मोदी से भावुक अपील करते हुए कहा कि आप देश के मुसलमानों से बात कीजिए। जिस तरह से संभल में शाही जामा मस्जिद को लेकर विवाद चल रहा है और यहां सांप्रदायिक तनाव चल रहा है और यह तनाव देश के अन्य हिस्सों में भी मस्जिद में सर्वे को लेकर देखने को मिल रहा है, उसको देखते हुए शाही इमाम ने पीएम से यह अपील की है। इसके साथ ही उन्होंने मुस्लिम युवाओं से धैर्य रखने की अपील की है।
शाही इमाम ने कहा कि आप जिस कुर्सी पर बैठे हैं, उसपर आपको न्याय करना चाहिए। आपको मुसलमानों का दिल जीतना चाहिए। ऐसे तत्व जो तनाव बढ़ा रहे हैं, देश के माहौल को खराब कर रहे हैं, उन्हें रोकना चाहिए। हम ऐसी स्थिति में खड़े हैं जोकि 1947 से भी खराब है। किसी को नहीं पता है कि देश आखिर भविष्य में किस ओर जाएगा।

जिस वक्त शाही इमाम पीएम मोदी से यह अपील कर रहे थे,वह काफी भावुक नजर आ रहे थे, उनकी आंखों में आंसू थे। उन्होंने पीएम मोदी से अपील की कि आप त्वरित कार्रवाई कीजिए। मौजूदा तनाव के बीच तीन हिंदू और तीन मुस्लिम लोगों को चर्चा के लिए बनाने की भी उन्होंने सुझाव दिया है।
गौर करने वाली बात है कि संभल की जामा मस्जिद को लेकर हाई कोर्ट में याचिका दायर की गई, जिसमे दावा किया गया कि मस्जिद पहले हरिहर मंदिर था। जिसके बाद कोर्ट ने इसका सर्वे करने का आदेश दिया। 24 नवंबर को जब एएसआई की टीम यहां सर्वे के लिए पहुंचे तो हिंसा भड़क गई। जिसमे चार लोगों की जान चली गई और कई लोग घायल हो गए।
यही नहीं इसके अलावा देश के अलग-अलग हिस्सों में कई याचिकाएं दायर की गई हैं, जिसमे मस्जिदों के सर्वे की अपील की गई है। बुखारी ने कहा कि एएसआई ने हमें बताया कि हमारा दिल्ली की जामा मस्जिद का सर्वे करने का कोई इरादा नहीं है, लेकिन सरकार को गंभीरता से संभल और अजमेर और देश की अलग-अलग मस्जिदों के सर्वे की मांग पर गंभीरता से सोचना चाहिए। ये चीजें देश के लिए अच्छी नहीं हैं। मैं सिर्फ यही कहना चाहता हूं कि लम्हों की खता, सदियों ने चुकाई। आखिर कबतक देश ऐसे चलेगा। कबतक हिंदू-मुस्लिम, मंदिर-मस्जिद चलेगा।












Click it and Unblock the Notifications