शाहीन बाग फायरिंग पर भड़के केजरीवाल- अमित शाह, ये आपने क्या हाल बना दिया दिल्ली का
नई दिल्ली। दिल्ली के शाहीन बाग में शनिवार को एक युवक ने खुलेआम सड़क पर पिस्टल से फायरिंग कर दी। शाहीन बाग में सीएए के खिलाफ प्रदर्शन हो रहा है, प्रदर्शनस्थल के पास ही ये फायरिंग हुई। इस एरिया में फायरिंग की दो दिन के भीतर से दूसरी घटना है। फायरिंग के बाद दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने कानून व्यवस्था को लेकर गृहमंत्री अमित शाह को घेरा है। केजरीवाल ने शाह से इस तरफ ध्यान देने को कहा है।

केजरीवाल ने ट्वीट कर लिखा है, 'अमित शाह जी, ये आपने क्या हाल बना रखा है हमारी दिल्ली का। दिनदहाड़े गोलियां चल रहीं है। कानून व्यवस्था की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही है। चुनाव आते जाते रहेंगे, राजनीति भी चलती रहेगी, लेकिन दिल्ली के लोगों की ख़ातिर, कृपया कानून व्यवस्था ठीक करने पर ध्यान दीजिए।'
'आप सांसद संजय सिंह ने घटना को लेकर ट्वीट किया, मैंने कल ही आगाह किया था दिल्ली में बड़े बवाल का षड़यंत्र रचा जा रहा है, दिल्ली में हार के डर से भाजपा चुनाव टालना चाहती है चुनाव आयोग को सख़्त कार्यवाही करनी होगी CEC से समय भी मांगा है लेकिन अब तक मिलने का समय नही मिला।'
गुरुवार को जामिया मिलिया के सामने सीएए के खिलाफ मार्च कर रहे छात्रों पर फायरिंग की गई थी। एक छात्र को इसमें गोली लगी थी। जामिया पर युवक ने जय श्रीराम और किसको चाहिए आजादी चिल्लाते हुए गोली चलाई थी। शाहीन बाग में भी कुछ इसी तरह की घटना हुई है, यहां भी युवक ने हिन्दू राष्ट्र की बात कहते हुए पिस्टल से गोलियां चलाईं। शाहीन बाग की घटना में राहत की बात ये रही कि यहां किसी को गोली नहीं लगी। हमलावर को गिरफ्तार कर लिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications