Stock Market: सेंसेक्स 241 अंक गिरा, निफ्टी लगातार सातवें दिन फिसला, आईटी और तेल शेयरों में बिकवाली का असर
Stock Market: भारतीय शेयर बाजार में सोमवार को गिरावट का रुख जारी रहा। बीएसई सेंसेक्स 241.30 अंक या 0.31 प्रतिशत गिरकर 77,339.01 पर बंद हुआ। यह सेंसेक्स का लगातार चौथे दिन का नुकसान है। कारोबार के दौरान सेंसेक्स एक समय 615.25 अंक या 0.79 प्रतिशत गिरकर 76,965.06 के स्तर तक पहुंच गया।
वहीं एनएसई निफ्टी 78.90 अंक या 0.34 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,453.80 पर बंद हुआ। निफ्टी में यह लगातार सातवें दिन की गिरावट रही। जिससे बाजार की धारणा कमजोर बनी रही।

प्रमुख शेयरों का प्रदर्शन
सेंसेक्स के 30 शेयरों में से टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, इन्फोसिस, एनटीपीसी, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, एक्सिस बैंक, टेक महिंद्रा, बजाज फिनसर्व, सन फार्मा, इंडसइंड बैंक और रिलायंस इंडस्ट्रीज सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज करने वाले शेयरों में शामिल रहे। इसके विपरीत टाटा स्टील, हिंदुस्तान यूनिलीवर, महिंद्रा एंड महिंद्रा, नेस्ले और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के शेयरों ने बाजार को कुछ राहत दी।
विदेशी निवेशकों की बिकवाली का दबाव
विदेशी संस्थागत निवेशकों ने गुरुवार को भारतीय शेयरों में 1,849.87 करोड़ रुपए की बिकवाली की। नवंबर में अब तक निवेशकों ने भारतीय शेयर बाजारों से 22,420 करोड़ रुपए निकाल लिए हैं। इस बिकवाली का मुख्य कारण घरेलू बाजार में ऊंचे मूल्यांकन, चीन में बढ़ते निवेश और अमेरिकी डॉलर व ट्रेजरी यील्ड में वृद्धि बताया जा रहा है। 2024 में अब तक विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों ने कुल 15,827 करोड़ रुपए की शुद्ध निकासी की है।
कमजोर वैश्विक संकेतों का असर
गुरु नानक जयंती के उपलक्ष्य में शुक्रवार को बाजार बंद रहा। अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा दिसंबर में ब्याज दर कटौती की संभावना कम होने के कारण आईटी शेयरों में बिकवाली का दबाव देखा गया।
जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के रिसर्च हेड विनोद नायर ने कहा कि कमजोर आय वृद्धि और मुद्रास्फीति के चलते रुपए में कमजोरी ने निवेशकों की धारणा को प्रभावित किया। आईटी शेयरों में गिरावट BFSI सेगमेंट में खर्च में संभावित देरी के कारण आई।
सेक्टोरल प्रदर्शन
शेयर बाजार में गिरावट वाले सेक्टर में बीएसई आईटी 2.34 प्रतिशत, टेक 1.99 प्रतिशत, तेल एवं गैस 1.64 प्रतिशत, ऊर्जा 1.21 प्रतिशत, यूटिलिटीज 1.04 प्रतिशत, पावर 0.58 प्रतिशत तक गिरावट दर्ज की गई। वहीं मुनाफा कमाने वाले सेक्टर में मेटल 2.14 प्रतिशत, रियल एस्टेट 0.62 प्रतिशत, ऑटो 0.58 प्रतिशत, सेवाएं 0.53 प्रतिशत, उपभोक्ता टिकाऊ सामान 0.29 प्रतिशत, बैंकिंग 0.22 प्रतिशत तक बढ़त दर्ज हुई है। बीएसई में कुल 2,486 शेयरों में गिरावट दर्ज की गई। जबकि 1,611 शेयरों ने बढ़त दर्ज की और 127 शेयर अपरिवर्तित रहे।
वैश्विक बाजार की स्थिति
एशियाई बाजारों में सियोल और हांगकांग बढ़त के साथ बंद हुए। जबकि टोक्यो और शंघाई में गिरावट दर्ज की गई। यूरोपीय बाजार नकारात्मक क्षेत्र में कारोबार कर रहे थे। अमेरिकी बाजार शुक्रवार को कमजोरी के साथ बंद हुए। इस बीच वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड की कीमत 0.49 प्रतिशत से बढ़कर 71.39 डॉलर प्रति बैरल हो गई।
शेयर बाजार में लगातार गिरावट ने निवेशकों की चिंताओं को बढ़ा दिया है। आईटी और तेल सेक्टर में बिकवाली के दबाव और विदेशी निवेशकों की निकासी ने बाजार की स्थिति कमजोर कर दी है। विशेषज्ञों का मानना है कि बाजार में स्थिरता लाने के लिए वैश्विक संकेतों और घरेलू आय वृद्धि में सुधार आवश्यक है।












Click it and Unblock the Notifications