सीलमपुर: नागरिकता कानून के खिलाफ विरोध के बीच आप विधायक की लोगों से अपील
नई दिल्ली। नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ दिल्ली में पिछले कई दिनों से विरोध प्रदर्शन हो रहा है। लेकिन यह विरोध प्रदर्शन अब हिंसक हो चुका है और कई जगहों पर तोड़फोड़ की गई है और सार्वजनिक संपत्ति को आग के हवाले कर दिया गया। पहले जामिया मिलिया यूनिवर्सिटी में विरोध प्रदर्शन हुआ तो आज एक बार फिर से दिल्ली के सीलमपुर और जाफराबाद इलाके में उग्र प्रदर्शन हुआ। प्रदर्शनकारियों ने कई गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया, पुलिस पर पथराव किया और जमकर उत्पात मचाया। इस बीच सीलमपुर से आम आदमी पार्टी के विधायक मोहम्मद इशरार खान ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

पूर्व विधायक पर आरोप
आप विधायक मोहम्मद इशराक खान ने आरोप लगाया कि जबसे इलाके में यहां के पूर्व विधायक ने रैली की यहां का पूरा माहौल खराब हो गया और यहां पर लोग उग्र हो गए। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी रैली के बाद तमाम दुकानें बंद हो गई और पूरा माहौल खराब हो गया, हर तरफ अव्यवस्था फैल गई। दुकानों को बंद करा दिया गया और गुंडों को यहां पर बुला लिया गया। यह किसी के लिए भी सही हालात नहीं हैं, मैं हर किसी से अपील करता हूं कि प्रदर्शनकारी वापस अपने घर लौट जाएं। उन्होंने कहा कि हमारे जो लड़के गिरफ्तार हुए हैं हमारी कोशिश है कि उन्हें छुड़ाया जाए।
तोड़फोड़
इससे पहले सीलमपुर में भीड़ ने पुलिस पर पथराव किया था और कई जगह पर तोड़फोड़ की थी। आज प्रदर्शनकारियों ने सार्वजनिक संपत्ति को काफी नुकसान पहुंचाया और कई जगहों पर आग लगा दी। इन तमाम उपद्रवी तत्वों की धरपकड़ के लिए दिल्ली पुलिस ने अभियान चलाया और कई आरोपियों को गिरफ्तार किया। उपद्रवियों ने कई बसों पर पथराव किया था, जिसमे कई लोग घायल हो गए थे। जानकारी के मुताबिक प्रदर्शनकारियों और पुलिसवालों के बीच झड़प भी हुई। उपद्रवियों ने डीटीसी की 3 बसों में तोड़फोड़ की, वहीं पुलिस की एक मोटरसाइकिल में आग लगा दी है। जवाब में पुलिस ने भीड़ को काबू में करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े हैं।
पुलिसबल तैनात
इलाके में भारी संख्या में पुलिसबल की तैनाती कर दी गई है। वहीं सीलमपुर में हिंसा पर दिल्ली पुलिस के जॉइंट कमिश्नर आलोक कुमार ने कहा कि 'एक भी गोली नहीं छोड़ी गई है। केवल आंसू गैस का इस्तेमाल किया गया है। स्थिति काबू में है, कुछ पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। 2 सार्वजनिक परिवहन की बसें, 1 रैपिड ऐक्शन फोर्स की बस और कुछ बाइकों को नुकसान पहुंचाया गया है।












Click it and Unblock the Notifications