छत्तीसगढ़: दंतेवाड़ा में सुरक्षाबलों का ज्वाइंट ऑपरेशन, गोली लगने के बाद एक नक्सली गिरफ्तार
नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में पुलिस ने एक नक्सली को गिरफ्तार किया है। ये नक्सली सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में घायल हो गया था,जिसके बाद इसे गिरफ्तार कर लिया गया। दंतेवाड़ा के एसपी अभिषेक पल्लव ने बताया है कि बीजापुर और दंतेवाड़ा जिले के रिजर्व गार्ड, स्पेशल टास्क फोर्स और सीआरपीएफ के एक संयुक्त ऑपरेशन के बाद ये नक्सली गिरफ्तार हुआ है।

अभिषेक पल्लव के मुताबिक, शुक्रवार सुबह सुरक्षाबलों की टीम की नक्सलियों के साथ मुठभेड़ हुई। दोनों ओर से गोलियां चलीं। जिसके बाद तलाशी अभियान शुरू किया गया। इस दौरान एक घायल नक्सली, जिसके पैर में गोली लगी थी, गमें जंगल में मिला। घायल की पहचान बमन मुचाकी के रूप में हुई है। उसके सिर पर 1 लाख रुपये का इनाम था। उनके खिलाफ वारंट और कई नक्सल मामले लंबित हैं।
बता दें कि दंतेवाड़ा, बीजापुर, सुकमा नक्सल प्रभावित जिले हैं। यहां से अक्सर नक्सली घटनाओं के मामले सामने आते रहते हैं। हाल ही में सुकमा जिले के जगरगुंडा इलाके में नक्सलियों ने एक बड़े हमले की साजिश रची थी। हालांकि सीआरपीएफ की मुस्तैदी ने इसे नाकाम कर दिया। मोर्चे पर तैनात सीआरपीएफ के जवान एक बड़ी दुर्घटना का शिकार होने से बच गए। नक्सलियों ने खाना पकाने के बर्तन में आईईडी बम प्लांट किया था। सर्चिंग के दौरान जवानों ने बम को रिकवर करने का दावा किय। नक्सलियों ने खाने के दो बर्तनों में आईईडी बम लगाया था। सुकमा जिले जगरगुंडा मार्ग पर दोरनापाल गोरगुंडा के बीच पांच-पांच किलो दो आइईडी बम बरामद की गई। सीआरपीएफ 223 वाहिनी के बीडीएस टीम ने आईईडी बम को डिफ्यूज किया।