छत्तीसगढ़ के सुकमा में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में 12 नक्सली मारे गिराए, AK-47 और INSAS समेत हथियार बरामद हुए
Naxalite Encounter in Sukma: छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। राज्य के सुकमा जिले में सुरक्षाबलों से मुठभेड़ में 12 नक्सली मारे गए हैं। अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की। डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (DRG) सुकमा ने शुक्रवार देर शाम किस्टाराम थाना क्षेत्र के पालोड़ी और पोटकपल्ली से यह अभियान शुरू किया। मुठभेड़ सुकमा के किस्टाराम स्थित पामलूर गांव के पास हुई।
गोलीबारी में मारे गए 12 नक्सली कैडरों में कोंटा एरिया कमेटी का सचिव मांगडू भी शामिल था। अन्य की पहचान अभी नहीं हुई है। मौके से AK-47 और INSAS समेत स्वचालित हथियार बरामद हुए। सुकमा एसपी किरण चव्हाण ने अभियान की लगातार निगरानी की। ये ऑपरेशन माओवादी विरोधी अभियानों में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

गौरतलब है कि इससे पहले सुकमा और बीजापुर जिलों में 16 अप्रैल 2025 को हुई दो अलग-अलग मुठभेड़ों में कुल 14 नक्सली मारे गए थे। पहली मुठभेड़ सुबह सुकमा और बीजापुर के सीमावर्ती तोंदमरका इलाके में हुई, जो अक्सर नक्सलियों की गतिविधियों का केंद्र रहा है। खुफिया सूचनाओं के आधार पर, डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (DRG), स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन ने मिलकर एक संयुक्त अभियान चलाया। यह ऑपरेशन लगभग 12 घंटे तक चला और इस भीषण कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने 9 नक्सलियों को मार गिराया था।
बस्तर के आईजी पी. सुंदरराज ने इस सफलता की पुष्टि करते हुए बताया था कि, "यह छत्तीसगढ़ में हाल के माओवादी विरोधी अभियानों में सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक है।" मौके से एक लाइट मशीन गन (LMG), एक AK-47, एक इंसास राइफल, एक कार्बाइन और एक.303 राइफल समेत भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और नक्सली संबंधित सामग्री बरामद की गई।












Click it and Unblock the Notifications