मुंबई में फिर से लागू हुई धारा 144, रात 9 बजे से शुरू होगा नाइट कर्फ्यू
नई दिल्ली: पूरे देश में मुंबई कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित है। जिस वजह से वहां पर महाराष्ट्र पुलिस ने एक बड़ा फैसला लिया है। जिसके तहत पूरे मुंबई में धारा 144 लागू कर दी गई है। इस दौरान किसी भी स्थान पर लोगों के इकट्ठा होने पर रोक रहेगी। साथ ही जो भी इस आदेश का उल्लंघन करेगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों को जरूरी काम पड़ने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है।
Recommended Video

डिप्टी पुलिस कमिश्नर प्रणय अशोक की ओर से जारी आदेश के मुताबिक धार्मिक स्थल समेत तमाम जगहों पर लोगों के इकट्ठा होने पर रोक लगा दी गई है। इसके अलावा निकायों की ओर से तय किए गए कंटेनमेंट जोन में सभी गतिविधियों पर रोक रहेगी। सिर्फ जरूरी सेवाओं को ही कंटेनमेंट जोन में इजाजत मिलेगी। वहीं मुंबई में अब रात 9 बजे से सुबह 5 बजे तक नाइट कर्फ्यू जारी रहेगा। इस दौरान मेडिकल और जरूरी सामानों की आपूर्ति करने वाले लोगों को छूट मिलेगी। बाकी सभी गतिविधियां पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेंगी। फिलहाल महाराष्ट्र पुलिस का ये आदेश 15 जुलाई तक लागू रहेगा।
मुंबई में 77 हजार मामले
पूरे देश में कोरोना वायरस का कहर जारी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों की बात करें तो भारत में कोरोना के 5,85,493 केस हैं। जिसमें से 3 लाख से ज्यादा लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 2,20,114 केस ऐक्टिव हैं। वहीं इस खतरनाक वायरस से अब तक 17,400 लोगों की जान जा चुकी है। महाराष्ट्र कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित है, जहां 1,74,761 मामले सामने आए हैं। इसमें 77,658 मामले तो देश की आर्थिक राजधानी में ही है। इसके साथ ही मुंबई में 4,556 लोगों की मौत हुई है।












Click it and Unblock the Notifications