'आपके एक बयान ने पूरे देश की सुरक्षा को खतरे में डाल दिया', जानिए नूपुर शर्मा पर SC ने क्या-क्या कहा
नई दिल्ली, 01 जुलाई। मोहम्मद साहब पर विवादित बयान को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने पूर्व भाजपा नेता नूपुर शर्मा को लेकर तल्ख टिप्पणी की है। सुप्रीम कोर्ट ने नूपुर शर्मा के बयान को देशभर की सुरक्षा के लिए खतरा बताया। दरअसल नूपुर शर्मा ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर करके उनके खिलाफ अलग-अलग जगहों पर दर्ज हुई एफआईआर को दिल्ली में ट्रांसफर करने की अपील की थी। लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने इस याचिका को खारिज कर दिया, जिसके बाद नूपुर शर्मा ने अपनी याचिका को वापस ले लिया। नूपुर शर्मा ने सुप्रीम कोर्ट में जो याचिका दायर की थी उसमे कहा था कि मुझे लगातार जान से मारने की धमकी मिल रही है। लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने नूपुर शर्मा के इस बयान पर कहा कि आपके देश की सुरक्षा को खतरे में डाला है।

आपकी वजह से हुई उदयपुर की घटना
Recommended Video
सुप्रीम कोर्ट ने नूपुर शर्मा की आलोचना करते हुए कहा कि उन्हें पूरे देश से माफी मांगनी चाहिए। नूपुर शर्मा की जुबान ने पूरे देश में आग लगा दी। नूपुर शर्मा की जुबान की वजह से ही उदयपुर की घटना हुई, जहां एक टेलर की हत्या कर दी गई। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि आखिर जो मामला कोर्ट में लंबित है उसपर बहस का टीवी चैनल और नूपुर शर्मा का क्या औचित्य है, वह सिर्फ एक एजेंडा को आगे बढ़ा रहे हैं। नूपुर शर्मा की ओर से कोर्ट में पेश हुए वरिष्ठ वकील मनिंदर सिंह ने कहा कि नूपुर ने अपना बयान वापस लिया और इसके लिए माफी मांगी है। जिसपर सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि उन्हें टीवी पर जाना चाहिए था और पूरे देश से माफी मांगनी चाहिए थी।
आप देश की सुरक्षा के लिए खतरा बन गईं
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि नूपुर शर्मा ने माफी मांगने में और बयान को वापस लेने में काफी देर कर दी। उन्होंने अपने बयान को सशर्त वापस लिया था कि अगर किसी की भावना आहत हुई है तो उसके लिए मैं अपने बायान को वापस लेती हूं। जब नूपुर शर्मा के वकील ने कोर्ट में कहा कि उनकी जान को खतरा है तो जस्टिस सूर्यकांत ने कहा कि उन्हें धमकी मिल रही है या फिर वह देश के लिए खतरा बन गई हैं। जिस तरह से उन्होंने देशभर में लोगों की भावनाओं को भड़काया है, उसके बाद आज देश में जो हो रहा है उसके लिए नूपुर शर्मा अकेले जिम्मेदार हैं।
आपके लिए क्या रेड कार्पेट बिछाएं
सुप्रीम कोर्ट ने पूछा कि आखिर दिल्ली पुलिस ने नूपुर शर्मा के खिलाफ शिकायत दर्ज करने के बाद क्या किया। नूपुर शर्मा की शिकायत पर एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया, लेकिन कई एफआईआर के बाद भी उन्हें दिल्ली पुलिस ने छुआ तक नहीं। सुप्रीम कोर्ट ने नूपुर शर्मा के अहम की निंदा करते हुए कहा कि क्योंकि वह एक दल की प्रवक्ता थीं इसलिए ताकत उनके सिर पर चढ़ गई थी। कोर्ट ने नूपुर शर्मा के वकील से कहा कि आप इस हाई कोर्ट जाइए। जब नूपुर शर्मा के वकील ने कहा कि वह जांच में सहयोग कर रही हैं और भाग नहीं रही हैं तो कोर्ट ने कहा कि तो आप क्या चाहते हैं उनके लिए रेड कार्पेट बिछाई जाए।












Click it and Unblock the Notifications