सत्यपाल मलिक: मेरठ विवि छात्रसंघ अध्यक्ष से दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में अंतिम सांस तक की पूरी कहानी
जम्मू-कश्मीर समेत कई राज्यों के पूर्व राज्यपाल रहे सत्यपाल मलिक का 5 अगस्त 2025 (मंगलवार) को दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में निधन हो गया। वे 79 वर्ष के थे और 11 मई 2025 से राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती थे। उनके निजी सचिव केएस राणा ने उनके निधन की पुष्टि की है।
सत्यपाल मलिक को क्या बीमारी थी?
सत्यपाल मलिक ने 5 अगस्त 2025 को दोपहर 1:10 बजे अंतिम सांस ली। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, वे लंबे समय से किडनी फेल्योर और यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन से पीड़ित थे। उनका इलाज दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में चल रहा था।

सत्यपाल मलिक का जन्म कहां हुआ था?
जाट परिवार से ताल्लुक रखने वाले सत्यपाल मलिक का जन्म 24 जुलाई 1946 को उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के हिसावदा गांव में हुआ था। सत्यपाल मलिक ने मेरठ विश्वविद्यालय (चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ) से विज्ञान में स्नातक और एलएलबी की डिग्री हासिल की। छात्र जीवन के दौरान ही उन्होंने राजनीति में सक्रिय भागीदारी शुरू कर दी थी। साल 1968-69 में मलिक छात्रसंघ अध्यक्ष चुने गए थे।
सत्यपाल मलिक साल 1974 में विधायक बने
छात्र राजनीति से सत्यपाल मलिक उस समय के जाने-माने किसान नेता व पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के सम्पर्क में आए। चरण सिंह ने उन्हें अपनी पार्टी भारतीय क्रांति दल की टिकट पर उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 1974 में बागपत की सीट से मैदान में उतारा। मलिक ने भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के आचार्य दीपांकर को हराकर चुनाव जीता और पहली बार विधायक बने।
सत्यपाल मलिक लोकसभा-राज्यसभा में भी पहुंचे
चौधरी चरण सिंह के सहयोग से मलिक ने राष्ट्रीय राजनीति में अपनी पहचान बनाई और वे राज्यसभा और लोकसभा दोनों सदनों के सदस्य बने। साल 1980-89 में उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सदस्य और साल 1989-91 में जनता दल के टिकट पर अलीगढ़ से लोकसभा सदस्य चुने गए। साल 2012 में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त हुए। राज्यसभा सदस्य रहते हुए उन्होंने शिक्षा, कृषि और ग्रामीण विकास से जुड़े कई विषयों पर संसद में अपनी बात रखी।
सत्यपाल मलिक इन राज्यों के राज्यपाल रहे
- 30 सितंबर 2017 से 21 अगस्त 2018 तक बिहार के राज्यपाल
- 21 मार्च 2018 से 28 अगस्त 2018 तक ओडिशा के राज्यपाल (अतिरिक्त प्रभार)
- 23 अगस्त 2018 से 30 अक्टूबर 2019 तक जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल
- 3 नवंबर 2019 से 18 अगस्त 2020 तक गोवा के राज्यपाल
- 18 अगस्त 2020 से 3 अक्टूबर 2022 तक मेघालय के राज्यपाल












Click it and Unblock the Notifications