Satyapal Malik: सत्यपाल मलिक ने निधन से पहले किसके लिए लिखी थी आखिरी पोस्ट? क्या बहुत अकेला महसूस कर रहे थे
Satyapal Malik passes away: जम्मू-कश्मीर के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक का मंगलवार को दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में निधन हो गया। 79 वर्षीय सत्यपाल मलिक लंबे समय से बीमार थे और 5 अगस्त की दोपहर 1:10 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निजी सचिव केएस राणा ने इस दुखद खबर की पुष्टि की है।
मलिक किडनी संबंधी गंभीर समस्याओं से जूझ रहे थे। उन्हें 11 मई को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां पर उनकी नियमित डायलिसिस भी चल हो रही थी। अस्पताल के अधिकारियों ने भी सत्यपाल मलिक के निधन की सूचना साझा की है।

राजनीति के रंगमंच पर कई किरदार निभाने वाले सत्यपाल मलिक अपने आखिरी दिनों में बहुत दुखी और कमजोर महसूस कर रहे थे। अस्पलाल में भर्ती होने के बाद से सत्यपाल मलिक सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर पोस्ट शेयर अपना हाल बयां कर रहे थे। फेसबुक पर सत्यपाल मलिक ने आखिरी पोस्ट अपनी मौत के चार दिन पहले ही लिखी थी। जानिए आखिरी पोस्ट सत्यपाल मलिक ने किसके लिए लिखी थी।
सत्यपाल मलिक ने मौत के 4 दिन पहले लिखी थी पोस्ट?
ये आखिरी पोस्ट सत्यपाल मलिक ने 31 जुलाई 2025 को यानी अपनी मौत से ठीक चार दिन पहले शेयर की थी। इस पोस्ट के साथ सत्यपाल मलिक ने कुछ फोटो भी शेयर की थी जिसमें वो अस्पताल में आईसीयू बेड पर नजर आ रहे थे। उनके साथ एक दिग्गज नेता भी नजर आ रहे हैं, जिनके अस्पताल पहुंचने पर सत्यपाल खुश हो गए थे।

सत्यपाल मलिक ने किसके लिए लिखी थी पोस्ट?
दरअसल, अस्पताल में सत्यपाल मलिक का हाल-चाल लेने के लिए राजस्थान के दिग्गज नेता उम्मेदा राम बेनीवाल पहुंचे थे। उम्मेदा राम बेनीवाल बाड़मेर-जैसलमेर-बालोतरा निर्वाचन क्षेत्र से सांसद हैं। बेनीवाल से मिलने के बाद सत्यपाल मलिक ने ये पोस्ट लिखी जिसमें उन्होंने लिखा, " भाई उम्मेदा राम बेनीवाल जी आपका बहुत आभार। आपने अपने बहुत कीमती समय में से समय निकाल कर बार-बार अस्पताल पहुंचकर मेरा हालचाल जाना, इससे शरीर में अलग ही तरह की उर्जा का संचार होता है। मैं बहुत जल्द स्वस्थ होकर आपके बीच लौटूंगा।"
सत्यपाल मलिक के जन्मदिन पर बजरंगी पुनिया ने क्यों की थी तारीफ?
इससे पहले सत्यपाल मलिक ने अपने बर्थडे पर 24 जुलाई को बजरंगी पुनिया को धन्यवाद देते हुए पोस्ट लिखी थी। मलिक ने अपनी पोस्ट में बजरंगी पुनिया की पोस्ट भी टैग की थी, जिसमें पुनिया ने जम्मू-कश्मीर के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए लिखा था, "महिला पहलवानों को न्याय दिलवाने के लिए आपका साहसिक साथ सभी के लिए प्रेरणादायी रहा है। आपकी जन कल्याण और समाज उत्थान की प्रतिबद्धता हम सबके लिए मार्गदर्शन स्रोत है। ईश्वर से प्रार्थना है कि आपको सदा स्वस्थ रखे।"
क्यों जीवन के अंतिम दिनों में परेशान थे सत्यपाल मलिक?
सत्यपाल मलिक पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप हैं, जिनकी केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) जांच कर रही है। जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में जलविद्युत परियोजना से जुड़े भ्रष्टाचार मामले में सीबीआई ने मलिक समेत सात लोगों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया है।
यह मामला स्वयं मलिक की शिकायत पर वर्ष 2022 में दर्ज हुआ था। गौरतलब है कि शुरुआत में उन्हें इसी प्रकरण में गवाह के तौर पर बुलाया गया था। मलिक ने पहले भी अपनी खराब सेहत के चलते दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती होने की पोस्ट साझा की थी।
मलिक ने अक्टूबर 2021 में खुलासा किया था कि उन्हें दो 'विवादित फाइलें' पास करने के लिए 300 करोड़ रुपये की रिश्वत की पेशकश की गई थी। इनमें एक रिलायंस समूह से जुड़ी थी और दूसरी आरएसएस पदाधिकारी से। मलिक ने इन प्रस्तावों को ठुकराने का दावा किया था।
अपनी बीमारी के बारे में मलिक ने खुद किया था खुलासा
अपने स्वास्थ्य को लेकर मलिक ने 8 जून को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा किया था, जिसमें उन्होंने अपनी स्थिति को "गंभीर" बताया था। इससे एक दिन पहले ही उन्होंने 'X' पर जानकारी दी थी कि वे पिछले एक महीने से किडनी के इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती हैं।












Click it and Unblock the Notifications