जयललिता मौत मामला: दिनाकरन बोले, शशिकला के पास है अम्मा का वीडियो, जरूरत पड़ी तो दिखाएंगे
इससे पहले शनिवार को तमिलनाडु सरकार में मंत्री डिंडीगुल श्रीनिवासन ने कहा था कि सभी लोगों ने बताया कि जयललिता स्वस्थ हैं लेकिन ऐसा कुछ था ही नहीं। सच तो ये है कि उन्हें किसी ने देखा ही नहीं था।
नई दिल्ली। तमिलनाडु में सत्ता के लिए जारी वर्चस्व की लड़ाई के बीच एआईएडीएमके नेता टीटीवी दिनकरन ने कहा है कि उनके पास जयललिता की मौत के दौरान का वीडियो है। हालांकि, उन्हें उस विडियो को रिलीज करने की इजाजत नहीं है। दिनाकरन ने कहा कि वो जयललिता के मौत की जांच कर रही टीम के सामने वीडियो को पेश करेंगे।

शशिकला के पास है जयललिता का वीडियो
दिनकरन ने बताया 'शशिकला के पास अस्पताल में भर्ती जयललिता का एक वीडियो है। जयललिता ने गाउन पहना था।' वीडियो तब का है जब तमिलनाडु की पूर्व सीएम जयललिता को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आपको बता दें कि जयललिता की मौत के राज को लेकर भी तमिलनाडु की राजनीति में कई तरह की बातें हो रही है और पलानीसामी गुट शशिकला को विलेन के तौर पर पेश कर रहा है।

मंत्री डिंडीगुल श्रीनिवासन ने उठाए थे सवाल
इससे पहले शनिवार को तमिलनाडु सरकार में मंत्री डिंडीगुल श्रीनिवासन ने कहा था कि सभी लोगों ने बताया कि जयललिता स्वस्थ हैं लेकिन ऐसा कुछ था ही नहीं। सच तो ये है कि उन्हें किसी ने देखा ही नहीं था। उन्होंने जयललिता की मौत के लिए शशिकला और उनके परिवार को जिम्मेदार बताया है। उन्होंने कहा था कि अम्मा की मौत को लेकर झूठ बोला गया । तमिलनाडु सरकार में मंत्री डिंडीगुल श्रीनिवासन ने कहा कि अम्मा की सेहत को लेकर झूठ बोलने के लिए उन पर दवाब डाला गया था। जयललिता को बुखार और डिहाइड्रेशन के बाद पिछले 22 सितंबर को चेन्नई के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में भर्ती होने के दौरान पार्टी के प्रवक्ता की ओर से लगातार यह कहा गया कि वह स्वस्थ हैं और भोजन ले रही हैं, लेकिन तब जयललिता की कोई तस्वीर जारी नहीं की गई थी।

डीएमके ने कही ये बात
अम्मा को अंतिम समय में किसी ने नहीं देखा डिंडीगुल श्रीनिवासन ने कहा कि कुछ लोगों का कहना है कि हमारे पास इस बात का सबूत है कि जयललिता से कई लोगों ने मुलाकात की वो स्वस्थ थीं, वीडियो है अगर ऐसा है तो उन्हें उसे पेश करना चाहिए ताकी सच सामने आ सके। डिंडीगुल श्रीनिवासन के बयान के बाद डीएमके नेता स्टालिन ने कहा कि जयललिता मौत मामले में जांच के आदेश तो हुए है लेकिन पता नहीं क्यों जांच अभी तक शुरू नहीं हो पाई है। आपको बता दें कि पिछले साल 4 दिसंबर को जयललिता को दिल का दौरा पड़ा और अगले दिन अस्पताल में ही उनकी मौत हो गई थी। हालांकि उनकी मौत की वजहों को लेकर सस्पेंस अभी भी बरकरार है।












Click it and Unblock the Notifications