'Rahul Gandhi ने किसी का मर्डर किया', Kiren Rijiju ने क्यों कहा? संसद में गरमाई बहस की पूरी कहानी
Parliament Kiren Rijiju Slams Rahul Gandhi News: संसद के मानसून सत्र के 10वें दिन बुधवार (29 जुलाई, 2026) को लोकसभा में पेपर लीक विरोधी विधेयक पर चर्चा हुई। इस दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस छिड़ गई। जब विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि 20 जुलाई को 'संसद चलो' मार्च पर गृह मंत्री ने छात्रों पर गोली चलाने का आदेश दिया था।
इसके बाद, केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उन्हें माफी मांगनी होगी। साथ ही किरेन रिजिजू ने क्यों कहा कि राहुल गांधी ने किसी का मर्डर किया? रिजिजू का बयान इतना तीखा क्यों था? आइए इस एक्सप्लेनर में पूरी घटना...

दरअसल, लोकसभा में 'पब्लिक एग्जामिनेशन (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026' पर बहस चल रही थी। यह विधेयक परीक्षा पेपर लीक जैसी घटनाओं को रोकने और छात्रों के भविष्य की रक्षा के लिए लाया गया है। सरकार इसे युवाओं के हित में बड़ा कदम बता रही है।
विपक्ष के नेता राहुल गांधी इस विधेयक पर बोल रहे थे। उन्होंने युवाओं के गुस्से और प्रदर्शनों का जिक्र किया। राहुल ने कहा, 'देश का भविष्य सड़कों पर उतरा। बीजेपी में भी जो लोग हैं, हमारे उन मित्रों को जाकर अपने बच्चों से पूछना चाहिए कि क्या गलत हुआ। प्रदर्शन में गुस्सा था, नफरत नहीं थी। वे केवल अपनी आवाज उठा रहे थे।'
स्पीच के दौरान राहुल ने 'Idiot' शब्द का इस्तेमाल किया, जिस पर सत्ता पक्ष भड़क उठा। लोकसभा में हंगामा हो गया। रिजिजू और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई सांसदों ने राहुल को टोका और माफी मांगने की मांग की। राहुल ने जवाब दिया, 'अगर आप चाहते हैं कि देश में सिर्फ बीजेपी बोले तो मैं चुप होकर बैठ जाता हूं।' किरेन रिजिजू ने संसद भवन परिसर में पत्रकारों से बात करते हुए विपक्ष पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और विपक्षी दल विधेयक पर चर्चा करने के बजाय राजनीति कर रहे हैं और ध्यान भटका रहे हैं।
रिजिजू का तीखा हमला: राहुल गांधी ने किसी का मर्डर किया?
रिजिजू ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी की भाषा अपमानजनक और अलोकतांत्रिक है। उन्होंने कहा कि राहुल हर तरह की नीचा दिखाने वाली भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं, जो संसदीय लोकतंत्र के अनुरूप नहीं है। राहुल गांधी के बयान पर पलटवार करते हुए रिजिजू ने कहा कि अगर मैं कहूं कि राहुल गांधी ने किसी का मर्डर किया, तो क्या यह सच हो जाएगा।
Rahul Gandhi ने असल में क्या कहा?
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के विरोध प्रदर्शन के दौरान छात्रों के खिलाफ बल प्रयोग को अधिकृत करने का आरोप लगाया। पेपर लीक विरोधी विधेयक पर बहस में भाग लेते हुए, कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि शाह, जो उस समय सदन से अनुपस्थित थे, प्रदर्शनकारी छात्रों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई के लिए जिम्मेदार थे।
राहुल ने CJP के नेतृत्व वाले आंदोलन के दौरान पुलिस की कार्रवाई का जिक्र करते हुए कहा कि गृह मंत्री ने हमारे छात्रों पर गोली चलाने का आदेश दिया। उन्होंने हमारे छात्रों के खून में छर्रे डाले। उन्होंने भारत के छात्रों को गोली मारने का आदेश दिया।
विशेषाधिकार उल्लंघन क्या है?
भारतीय संसद में विशेषाधिकार (Privilege) सांसदों और सदन की गरिमा की रक्षा करते हैं। अगर कोई सदस्य दूसरे पर गंभीर आरोप लगाता है, बिना सबूत के, या अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करता है, तो इसे Privilege Breach माना जा सकता है। राहुल पर पहले भी कई बार ऐसे नोटिस आए हैं। रिजिजू का बयान इसी संदर्भ में है।


Click it and Unblock the Notifications
