ED ने कांग्रेस नेता अहमद पटेल से पूछे 128 सवाल, बोले- पगड़ी उछालने के लिए हो रही पूछताछ
नई दिल्ली। संदेसरा बंधुओं से संबंधित कथित बैंक धोखाधड़ी के मामले प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल से मंगलवार को करीब 11 घंटे तक पूछताछ की। पिछले छह दिनों में पटेल से ईडी की यह तीसरी पूछताछ थी। आपको बता दें कि कोरोना के मद्देनजर यह पूछताछ अहमद पटेल के सरकारी आवास पर की जा रही है। पूछताछ के बाद ईडी देर रात अहमद पटेल के आवास से निकली। इसके बाद अहमद पटेल ने बताया कि ईडी द्वारा मुझसे 128 सवाल पूछे गए।

सभी प्रश्न आरोपों पर आधारित थे जिसका उनके पास कोई प्रमाण नहीं था। मैंने उनकी संतुष्टि के लिए प्रश्नों का उत्तर दिया। उन्होनें बताया कि मुझे लगता है कि यह सिर्फ राजनीतिक उत्पीड़न और राजनीतिक प्रतिशोध है। मैं नहीं जानता कि वे किसके दबाव में काम कर रहे हैं। ये सिर्फ पगड़ी उछालने के लिए किया जा रहा है।
इससे पहले शनिवार को जब ईडी की टीम पहली बार पहुंची थी तब पटेल ने ईडी की टीम को नरेंद्र मोदी और अमित शाह के भेजे मेहमान बताते हुए कहा था कि शीशे के घर में रहने वालों को दूसरे के घर शीशा नहीं फेंकना चाहिए। वहीं प्रियंका गांधी को सरकारी घर खाली करने के नोटिस पर कांग्रेस कोषाध्यक्ष अहमद पटेल ने कहा कि विरोधियों के साथ सिर्फ राजनीतिक बदले के तहत ऐसी कार्रवाई हो रही है।
अधिकारियों ने बताया कि ताजा पूछताछ के दौरान धन शोधन रोकथाम कानून (पीएमएलए) के तहत पटेल का बयान दर्ज किया जा रहा है। उनसे वडोदरा स्थित स्टर्लिंग बायोटेक दवा कंपनी के प्रोमोटरों संदेसरा बंधुओं से उनके कथित संबंधों और उनके साथ उनके परिवार के सदस्यों के कथित लेनदेन के बारे में पूछताछ की जा रही है।
क्या है संदेसरा मामला?
यह धन शोधन मामला गुजरात की वड़ोदरा स्थित स्टर्लिंग बायोटेक और उसके मुख्य प्रमोटरों-नितिन जयंतीलाल संदेसरा, चेतन कुमार जयंतीलाल संदेसरा और दीप्ति संदेसरा के 14,500 करोड़ रुपए की कथित बैंक धोखाधड़ी से जुड़ा है। तीनों फरार हैं। नितिन और चेतन कुमार भाई हैं। एजेंसी ने आरोप लगाया कि यह पीएनबी धोखाधड़ी से भी बड़ा बैंक घोटाला है।












Click it and Unblock the Notifications