बाइकर सना इकबाल की मां ने लगाए गंभीर आरोप, कहा-मेरी बेटी की हत्या हुई
हैदराबाद। हवा से बातें करने वाली बाइकर सना इकबाल की सड़क हादसे में हुई मौत के सदमे से अभी लोग उबर ही नहीं पाए थे कि इस मामले में संगीन मोड़ तब आ गया जब सना की मां शाहीन खान ने इस हादसे को हत्या करार दे दिया। शाहीन ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी की हत्या की गई है, उन्होंने मर्डर का आरोप सना से अलग रह रहे उसके पति अब्दुल नदीम पर लगाया है, सना की मां का कहना है कि उसका पति नदीम और नदीम की मां सना को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते थे और इसी वजह से सना दोनों से अलग रह रही थी। ये कोई हादसा नहीं बल्कि सोची समझी साजिश के तहत की गई हत्या है। उन्होंने नदीम के खिलाफ इस मामले में शिकायत दर्ज कराई है। गौरतलब है कि अवसाद के प्रति जागरुकता फैलाने के उद्देश्य से अभियान चला चुकीं क्रॉस-कंट्री बाइकर सना इकबाल की मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई, हादसे के वक्त सना के साथ उनके पति नदीम थे और गाड़ी वो ही चला रहे थे।

इस हादसे में अब्दुल नदीम भी घायल हुए हैं लेकिन सना इस दुनिया में नहीं रही। अब्दुल नदीम को मामूली चोट आई है जबकि सना को अपने जीवन से हाथ धोना पड़ा है। इस बारे में पुलिस ने मीडिया को बताया था कि सुपुर्द-ए-खाक के लिए परिवार को सौंपे जाने से पहले सना के शव को ओस्मानिया हॉस्पिटल भेज दिया गया है। हमने पुलिस स्टेशन में एक केस दर्ज कर लिया है। जांच में हमने पाया है कि तेज गति से चलने के कारण कार डिवाइडर से टकरा गई थी, जिसकी वजह से कार का बायां हिस्सा पूरी तरह से बर्बाद हो गया। हालांकि दोनों ने सीट बेल्ट पहन रखा था लेकिन कार में एयर बैग नहीं था।
29 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया
आपको बता दें कि मात्र 29 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कहने वाली सना पेशे से इंजीनियर थीं। उन्होंने अपनी मोटरसाइकल से देशभर में 38 हजार किलोमीटर तक का सफर तय किया था। नवंबर 2015 में अकेले ही देश भ्रमण पर निकलने से पहले वह तनाव से जूझ रही थीं। तनाव से उबरने का कोई रास्ता नहीं दिख रहा था। इस यात्रा के दौरान लोगों से मिलकर उनका जीवन के प्रति नजरिया ही बदल गया और इसके बाद उन्होंने लोगों को जागरूक करने का बीड़ा उठाया और वो युवाओं को समझाने में जुट गईं कि वो आत्महत्या जैसा अपराध न करें।












Click it and Unblock the Notifications