समीर वानखेड़े को मिल रही हैं दाउद इब्राहिम के नाम से धमकियां, दर्ज कराई शिकायत
एनसीबी मुंबई जोन के पूर्व डायरेक्टर समीर वानखेड़े ने दावा किया है कि उन्हें और उनके परिवार को दाउद इब्राहिम के नाम से जान से मारने की धमकी मिल रही है।

Sameer Wankhede: नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के पूर्व मुंबई जोनल डायरेक्टर समीर वानखेड़े ने दावा किया है कि उन्हें और उनके परिवार को अंडरवर्ल्ड डॉन दाउद इब्राहिम के नाम पर धमकी मिल रही है। गौर करने वाली बात है कि समीर वानखेड़े के खिलाफ घूसखोरी के मामले में सीबीआई जांच चल रही है।
सूत्रों के अनुसार समीर वानखेड़े ने मुंबई पुलिस को बताया है कि उन्हें फर्जी ट्विटर अकाउंट पर धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने पुलिस को यह भी बताया है कि अगर उन्हें या उनके परिवार पर हमला होता है या उन्हें कुछ होता है तो इसके लिए कौन जिम्मेदार होगा।
सूत्रों ने कहा कि समीर वानखेड़े ने मुंबई पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी जानकारी दी है कि उन्हें धमकियां मिल रही हैं। इस मामले में आगे की जांच चल रही है। समीर वानखेड़े के खिलाफ 25 करोड़ रुपए की घूस लेने का केस दर्ज है।
उनपर आरोप है कि उन्होंने शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान को फर्जी ड्रग केस में फंसाया था। समीर वानखेड़े के खिलाफ कई राजनीतिक दलों ने आरोप लगाया था कि उन्होंने जानबूझकर ड्रग्स मामले में आर्यन खान को फंसाया, ताकि वह पैसे वसूल सके।
इससे पहले एनसीबी के सूत्रों ने बताया कि समीर वानखेड़े ने नियमों का उल्लंघन किया है। समीर वानखेड़े ने कोर्ट में चैट को जमा किया था, जोकि एनसीबी के नियमों के खिलाफ था। आखिर कैसे जांच करने वाला अधिकारी आरोपी परिवार के साथ चैट कर सकता है।
एनसीबी सूत्रों ने दावा किया है कि समीर वानखेड़े ने उस फोन को मुहैया नहीं कराया है जिससे उन्होंने शाहरुख खान से चैट की थी। इस मामले को अपने हाथ में लेने के बाद उन्होंने कुछ शीर्ष अधिकारियों को भी डराने की कोशिश की थी।
वानखेड़े ने सीबीआई की कार्रवाई के खिलाफ बॉम्बे हाई कोर्ट का रुख किया है। जहां उन्हें 22 मई तक गिरफ्तारी से राहल मिली थी। जिसे कोर्ट ने 8 जून तक आगे बढ़ा दिया है।












Click it and Unblock the Notifications