'हो गई गलती, करूंगा पश्चाताप, 3 दिन रखेंगे व्रत...'. आखिर पात्रा अब क्यों कह रहे हैं ऐसा? क्या है माजरा?
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ओडिशा के पुरी से पार्टी के लोकसभा उम्मीदवार हैं। जिस तरह से संबित पात्रा ने भगवान जगन्नाथ को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भक्त बताया, उसको लेकर उन्होंने मांफी मांगी है। उन्होंने कहा कि मैं इस गलती के लिए अगले तीन दिन तक पश्चाताप करूंगा और उपवास पर रहूंगा।
संबित पात्रा ने देर रात तकरीबन एक बजे सोशल मीडिया पर यह वीडियो शेयर करते हुए लिखा आज महाप्रभु श्री जगन्नाथ जी को लेकर मुझसे जो भूल हुई है, उस विषय को लेकर मेरा अंतर्मन अत्यंत पीड़ित है।

मैं महाप्रभु श्री जगन्नाथ जी के चरणों में शीश झुकाकर क्षमा याचना करता हूं। अपने इस भूल सुधार और पश्चाताप के लिए अगले 3 दिन मैं उपवास पर रहूंगा। संबित पात्रा ने कहा कि मेरी जुबान फिसल गई थी और मुझसे गलती हो गई।
जिस तरह से ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने संबित पात्रा को उनके बयान को लेकर घेरा, उसके बाद पात्रा ने कहा कि पीएम मोदी के रोड शो की सफलता के बाद मैंने कई मीडिया चैनल को बयान दिया।
इस दौरान मैंने हर जगह कहा कि पीएम मोदी भगवान जगन्नाथ के भक्त हैं। लेकिन एक जगह मैंने गलती से उलटा बयान दे दिया और भगवान जगन्नाथ को पीएम मोदी का भक्त बता दिया। कभी-कभी जुबान फिसल जाती है, आप जानते हैं, लिहाजा इसे मुद्दा ना बनाएं।
संबित पात्रा के बयान पर ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने हमला बोलते हुए कहा कि भगवान जगन्नाथ महाप्रभु श्री जगन्नाथ ब्रह्मांड के भगवान हैं। महाप्रभु को किसी इंसान का भक्त कहना भगवान का अपमान है। इस बयान ने जगन्नाथ प्रभु के करोड़ों भक्तों की आस्था को ठेस पहुंचाई है।
माना जा रहा है कि जिस तरह से संबित पात्रा ने माफी मांगी है उसके पीछे की एक बड़ी वजह यह है कि संबित पात्रा को आभास हो रहा है कि यह चुनाव उनके लिए मुश्किल साबित हो सकता है। आला कमान ने भी जिस तरह से उनके खिलाफ सख्त रूख अख्तियार किया, उसके चलते पात्रा को पश्चाताप करना पड़ रहा है।












Click it and Unblock the Notifications