'थोड़ी संवेदनशीलता होनी चाहिए, जिद नहीं', राहुल गांधी को पुलिस के रोकने पर बोले संबित पात्रा
BJP On Rahul Gandhi Manipur Visit: हिंसाग्रस्त मणिपुर के दो दिन के दौरे पर गुरुवार को पहुंचा राहुल गांधी को उस वक्त चुराचांदपुर के रास्ते में रोका गया, जब वह राहत शिविरों में जातीय हिंसा के प्रभावित लोगों से मुलाकात करने जा रहे थे। अब इस मामले पर बीजेपी की प्रतिक्रिया सामने आई है।
दरअसल, राहुल गांधी इंफाल एयरपोर्ट से निकलकर चुराचांदपुर की तरफ जा रहे थे। जिनका काफिला इंफाल से 20 किमी दूर पुलिस ने बिष्णुपुर में रोक दिया। हालांकि राहुल गांधी को वहां आगे जाने की जिद पर अड़े थे, लेकिन पुलिस ने उनको नहीं जाने दिया।

'थोड़ी संवेदनशीलता होनी चाहिए, जिद नहीं'
वहीं अब इस पूरे मामले में बीजेपी नेता संबित पात्रा का प्रतिक्रिया सामने आई है। अपने बयान में पात्रा ने कहा कि संवेदनशीलता जिद से कहीं अधिक महत्वपूर्ण है। जब मणिपुर में हालात ऐसे हैं तो थोड़ी संवेदनशीलता होनी चाहिए, जिद नहीं। हम एक लोकतांत्रिक देश हैं, राहुल गांधी को मणिपुर जाने से किसी ने नहीं रोका, लेकिन प्रशासन ने बताया कि राहुल गांधी के मणिपुर दौरे की खबर के बीच बहुत विरोध प्रदर्शन हुआ है।
कांग्रेस पर साधा निशाना
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए संबित पात्रा ने कहा कि मणिपुर की स्थिति विरासत के मुद्दे के कारण है, जिसमें कांग्रेस ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। मैं उन मुद्दों का हवाला नहीं देना चाहता, क्योंकि उनसे जुड़ी संवेदनशीलता है।
राहुल गांधी का व्यवहार बेहद गैरजिम्मेदाराना- पात्रा
उन्होंने आगे कहा कि ऑल मणिपुर स्टूडेंट्स यूनियन ने कल (28 जून) एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राहुल गांधी के दौरे का बहिष्कार करने की मांग की और उन विरासती मुद्दों को गिनाया। कई नागरिक समाज संगठनों ने भी आह्वान किया था कि राहुल गांधी को मणिपुर आकर चिंगारी नहीं भड़कानी चाहिए। राहुल गांधी का व्यवहार बेहद गैरजिम्मेदाराना है।
ग्रेनेड से हमला होने की आशंका-पुलिस
इधर मणिपुर पुलिस ने बताया की सुरक्षा का हवाला देते हुए राहुल गांधी को चुराचांदपुर जाने से रोका गया था। बिष्णुपुर एसपी हेइसनाम बलराम सिंह ने कहा कि जमीनी हालात को देखते हुए हमने उन्हें (राहुल गांधी को) आगे बढ़ने से रोका और हेलीकॉप्टर से चुराचांदपुर जाने की सलाह दी। पहाड़ी इलाकों की ओर जाने पर वीआईपी पर ग्रेनेड से हमला होने की आशंका है। उनकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हमने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया।












Click it and Unblock the Notifications