फजीहत के बाद पार्टी ने मुलायम को दिया सम्मान,स्टार प्रचारक की लिस्ट में अब सबसे ऊपर आया नाम
नई दिल्ली- समाजवादी पार्टी की ओर से स्टार प्रचारकों की लिस्ट में अब मुलायम सिंह यादव का नाम भी शामिल कर लिया गया है। दूसरे चरण के लिए जारी 40 स्टार प्रचारकों की सूची में उन्हें पहले स्थान पर जगह दी गई है। इससे पहले जारी की गई समाजवादी पार्टी के पहले चरण के स्टार प्रचारकों की लिस्ट में पार्टी के संस्थापक और संरक्षक मुलायम का नाम ही गायब था।

पहली लिस्ट में मुलायम का नाम शामिल नहीं किए जाने को लेकर अखिलेश यादव और उनकी पार्टी की चौतरफा खिंचाई की जा रही थी। जबकि,सच्चाई ये है कि मुलायम अभी भी न सिर्फ सक्रिय राजनीति में हैं, बल्कि वे मैनपुरी से पार्टी के उम्मीदवार भी हैं।
नई लिस्ट में मुलायम के अलावा उनके बेटे और पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव, अखिलेश की पत्नी और पार्टी सांसद डिंपल यादव, आजम खान जैसे कुल 40 नेताओं के नाम बतौर स्टार प्रचारक शामिल है। गौरतलब है कि यूपी विधानसभा चुनाव से पहले ही मुलायम के कुनबे में जो विवादों का सिलसिला शुरू हो गया था, वो अभी भी कहीं न कहीं जारी है और इसलिए मुलायम का नाम नहीं शामिल किए जाने को लेकर कई तरह की अटकलबाजियों को मौका मिल रहा था।
इस बीच यूपी की राजनीति में एक और बड़ा ऐतिहासिक बदलाव दिखने वाला है। 19 अप्रैल को मुलायम की सबसे बड़ी सियासी दुश्मन रहीं मायावती भी उनके लिए प्रचार करने मैनपुरी पहुंचने वाली हैं। यह ढाई दशक बाद शायद पहला मौका होगा जब दो विरोधी नेता एक साथ एक मंच पर उतरेंगे और मायावती अपने राजनीतिक विरोधी रहे मुलायम के पक्ष में वोट मांगेंगी।












Click it and Unblock the Notifications