'टूट सकता हूं, झुकूंगा नहीं...', सपा की झोली में गई फर्रूखाबाद सीट तो सलमान खुर्शीद हुए नाराज
Salman Khurshid News: लोकसभा चुनाव-2024 के मद्देनजर उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के गठबंधन का औपचारिक ऐलान हो चुका है। कांग्रेस यूपी में 17 सीटें और सपा 63 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। इस सीट शेयरिंग से अब कांग्रेस के दिग्गज नेता सलमान खुर्शीद नाराज हो गए हैं।
असल में समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस को जो सीटें दी हैं, उनमें फर्रूखाबाद शामिल नहीं है। पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद इस बात से खफा हैं कि, जिस फर्रूखाबाद सीट से वह लोकसभा चुनाव लड़ना चाहते हैं, वो कांग्रेस के पास नहीं है। इसलिए सलमान खुर्शीद ने पार्टी को बगावती तेवर दिखाए हैं।

सलमान खुर्शीद ने ट्वीट कर लिखा, ''फर्रुखाबाद से मेरे रिश्तों के कितने इम्तहान का सामना करना पड़ेगा? सवाल मेरा नहीं पर हमारे सब के मुस्तकाबिल का है, आने वाली नस्लों का है। किस्मत के फैसलों के सामने कभी झुका नहीं। टूट सकता हूं , झुकूंगा नहीं। तुम साथ देने का वादा करो, मैं नगमे सुनाता रहूं।''
सलमान खुर्शीद बोले- हमें 17 सीटें मिली हैं, खुश रहो
हालांकि अपने ट्वीट के बाद सलमान खुर्शीद ने कहा कि, उनकी सोशल मीडिया पोस्ट की बिना बात के "अनावश्यक व्याख्या" नहीं की जानी चाहिए। उन्होंने ये भी कहा है कि वह कांग्रेस कमेटी के सदस्य थे, जिसने एसपी के साथ सीट-बंटवारे पर बातचीत की थी और उन्हें कोई शिकायत नहीं है। उन्होंने कहा कि, ''हमें 17 सीटें मिली हैं। खुश रहो।''
कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता और सलमान खुर्शीद के करीबी सहयोगी ने कहा, 'वह इस समय भावुक हैं। यह समझा जा सकता है। लेकिन हम सब उसे जानते हैं। वह कांग्रेस के हित के खिलाफ कुछ भी नहीं करेंगे।'
इस बीच दिवंगत कांग्रेस नेता अहमद पटेल की बेटी मुमताज पटेल ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि गुजरात की भरूच लोकसभा सीट, जो उनके पिता ने 1980 और 1984 में जीती थी, सहयोगियों के साथ सीट-बंटवारे समझौते पर मुहर लगने के बाद कांग्रेस के कोटे का हिस्सा होगी।












Click it and Unblock the Notifications