MP News: सागर जहरीली शराब कांड में एक और आरोपी का शॉर्ट एनकाउंटर, पैर में लगी गोली; हथियार-कारतूस बरामद
मध्य प्रदेश के सागर ज़हरीली शराब मामले में, पुलिस ने जंगल के इलाके में संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद शिवंजय राजपूत को गिरफ्तार किया। एक 315 बोर की देशी पिस्तौल, जिंदा और खोखे कारतूस, एक मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई। राजपूत, जिस पर पहले से ही तीन मामले चल रहे थे, चोट लगने के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मध्यप्रदेश के सागर जहरीली शराब कांड में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। सागर पुलिस ने 30 हजार रुपये के इनामी आरोपी शिवांजय राजपूत को शॉर्ट एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने टीम को देखकर तीन बार फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने दो राउंड फायर किए। इस दौरान एक गोली आरोपी के पैर में लगी।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का देशी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस और तीन खाली कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा उसका मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस के मुताबिक, 13 सितंबर की तड़के बहरोल थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि सागर शराब प्रकरण का आरोपी शिवांजय राजपूत मड़ैया के पास जंगल में मौजूद है। सूचना थी कि आरोपी मुख्य मार्ग बंडा-बहरोल से होते हुए अपने घर छापरी, थाना बंडा की ओर जा सकता है। इसके बाद एसपी के निर्देश पर थाना बान्द्री प्रभारी सतेन्द्र सिंह को तत्काल मौके पर पहुंचने और आसपास के थाना प्रभारियों को पुलिस बल के साथ कार्रवाई के लिए भेजा गया। पुलिस टीमों ने इलाके की चारों ओर से घेराबंदी कर दी।
पुलिस को देखकर आरोपी ने की फायरिंग
पुलिस के अनुसार, टीम को देखते ही शिवांजय राजपूत ने फायरिंग शुरू कर दी। उसने पुलिस टीम पर तीन फायर किए। जवाब में पुलिस ने भी दो राउंड फायरिंग की, जिसमें एक गोली आरोपी के पैर में लगी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने उसके पास से 315 बोर का देशी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस, तीन खाली कारतूस, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल बरामद की है।
आरोपी पर पहले से दर्ज हैं तीन मामले
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी पहले से शराब तस्करी से जुड़ा रहा है। उसके खिलाफ तीन आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। सागर जहरीली शराब प्रकरण में उसकी तलाश की जा रही थी और उस पर 30 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
CM मोहन यादव ने दिए हैं सख्त कार्रवाई के निर्देश
सागर जहरीली शराब मामले को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि घटना बेहद दुखद है और कानून व्यवस्था के मामले में राज्य सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति है। मुख्यमंत्री ने मामले के दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और घटना के किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मामले में चल रही कार्रवाई की लगातार निगरानी किए जाने की बात भी कही है।


Click it and Unblock the Notifications
